भोपाल। राजधानी भोपाल में 26 जनवरी 2026 को गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह का आयोजन लाल परेड ग्राउंड भोपाल में प्रातः 9 बजे आयोजित किया जायेगा। समारोह में राज्यपाल मंगुभाई पटेल मुख्य अतिथि के रूप में परेड की सलामी लेगें तथा उपस्थित जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके साथ ही राष्ट्रीय ध्वज राज्य के सभी शासकीय भवनों एवं महत्वपूर्ण ऐतिहासिक स्थानों पर फहराया जायेगा। इस दौरान पुलिस, होमगार्ड, विशेष सशस्त्र बल, जेल वार्डन, सी.आई.एस.एफ., आर.ए.एफ. एन.सी.सी, एन.एस.एस. छात्रों की टुकड़ियां, स्काउट एवं गाईड तथा शौर्यदल, पुलिस बैण्ड दल कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस अवसर पर उपलब्धियों से भरी झांकियों का प्रदर्शन भी किया जाएगा।
जिला स्तर पर होगे आयोजन
जिला मुख्यालयों पर मुख्य अतिथि द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाकर, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का वाचन किया जाएगा तथा परेड, झांकियां सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं गणतंत्र दिवस दौड़ इत्यादि का आयोजन किया जायेगा। गणतंत्र दिवस पर प्रत्येक जिले में पुलिस बैंड द्वारा राष्ट्र-गान की धुन बजाई जायेगी। जिन जिलों में पुलिस बैंड उपलब्ध नहीं है वे अन्य जिलों से या एस.ए.एफ. से लेकर प्रस्तुति दिया जाना सुनिश्चित करेंगे। अन्य जिलों से या एस.ए.एफ. से पूर्ति न होने पर गैर सरकारी बैंड की व्यवस्था की जायेगी। परेड जिला मुख्यालयों के अतिरिक्त अन्य स्थानों पर नहीं होगी। इस अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को सम्मानित किया जाएगा।
यहां भी होगे आयोजन
गणतंत्र दिवस के अवसर पर स्कूलों एवं कॉलेज में भी सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगे। तो वही पंचायतों और नगरीय निकायों में ध्वजारोहण किया जाएगा। जनपद पंचायत मुख्यालय में अध्यक्ष, जनपद पंचायत द्वारा औपचारिक रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया जायेगा तथा कार्यक्रम में राष्ट्रगान गाया जायेगा। ऐसी नगर पालिका,नगर परिषद, जिनका मुख्यालय ब्लॉक मुख्यालय पर नहीं है, उनमें अध्यक्ष, नगर पालिका, नगर परिषद द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया जायेगा तथा कार्यक्रम में राष्ट्र-गान गाया जायेगा। ग्राम पंचायत मुख्यालय में सरपंच द्वारा औपचारिक रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाए तथा कार्यक्रम में राष्ट्र-गान गाया जायेगा। ध्वज संहिता का पालन सुनिश्चित कराने के लिये प्रत्येक स्तर पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी।

