‘चुनाव के बाद भारत में आएगा महासंकट’, राहुल गांधी की भविष्यवाणी ने चौंकाया, बोले- ‘खराब विदेश नीति की क़ीमत चुकाएगी जनता 

Rahul Gandhi on petrol price hike

Rahul Gandhi on LGP-Petrol Price Hike : राहुल गांधी ने शनिवार को मिडल ईस्ट में चल रही जंग के भारत पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर भविष्यवाणी की है। उन्होंने कहा कि ईरान और अमेरिका-इज़राइल के बीच जारी संघर्ष का असर अब भारत में भी दिखाई देने लगा है। राहुल गांधी ने केंद्र की मोदी सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला है, विशेष रूप से अर्थव्यवस्था को लेकर। उन्होंने चेतावनी दी कि जैसे ही चुनाव समाप्त होंगे, पेट्रोल, डीजल और एलपीजी (LPG) गैस के दाम आसमान छूने वाले हैं।

महंगाई पर राहुल गाँधी की भविष्यवाणी 

रायबरेली से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि डॉलर के मुकाबले रुपये की गिरावट और औद्योगिक ईंधन की कीमतों में तेज़ी- ये केवल मामूली आंकड़े नहीं हैं, बल्कि यह आने वाली भयंकर महंगाई का संकेत हैं। उन्होंने आगाह किया कि सरकार भले ही इस स्थिति को सामान्य बताने का प्रयास कर रही हो, लेकिन वास्तविकता बहुत भयावह हो सकती है।

राहुल गाँधी ने कहा- सप्लाई चेन पर पड़ेगा असर

राहुल गांधी ने विस्तार से समझाया कि ईंधन की कीमतें बढ़ने और रुपये की कमजोरी से देश के उत्पादन और ट्रांसपोर्टेशन का खर्च बहुत बढ़ जाएगा, जिसका सीधा असर पूरी सप्लाई चेन पर पड़ेगा। उनका तर्क है कि आने वाले समय में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (MSME) संकट की चपेट में आएंगे। महंगाई और कच्चे माल की बढ़ती कीमतें सबसे अधिक नुकसान MSME सेक्टर को ही पहुंचाएंगी, जो देश में रोजगार का सबसे बड़ा स्रोत हैं।

महंगाई का किन चीजों पर पड़ेगा प्रभाव?

रोजमर्रा की वस्तुएं: ट्रांसपोर्टेशन लागत बढ़ने से सब्जियां, दूध, राशन और दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दाम तेज़ी से बढ़ेंगे।

शेयर बाजार:विदेशी निवेशक (FII) अपना पैसा निकालेंगे, जिससे शेयर बाजार पर दबाव बढ़ेगा और निवेशकों को नुकसान उठाना पड़ेगा।

आगामी चुनाव के बाद: पेट्रोल, डीजल और गैस की कीमतें तुरंत बढ़ने की आशंका है।

राहुल गाँधी ने सरकार की नीतियों पर उठाया सवाल

राहुल गांधी ने मोदी सरकार की नीतियों पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार ने सिर्फ चुनावी लाभ के लिए ईंधन की कीमतों को नियंत्रित किया है। उनका आरोप है कि हर परिवार की जेब पर इसका गहरा असर पड़ेगा, और जैसे ही चुनाव खत्म होंगे, इन कीमतों में फिर से भारी वृद्धि होगी। राहुल गांधी ने तंज कसते हुए कहा कि मोदी सरकार के पास इस संकट से निपटने का कोई स्पष्ट रणनीति नहीं है। उन्होंने जनता से अपील की कि ‘सवाल यह नहीं है कि सरकार क्या कह रही है, बल्कि यह है कि इस महंगाई के बीच आपकी थाली में क्या बचेगा।’

विदेश नीति ने भारत को संकट में खड़ा कर दिया – राहुल गाँधी 

राहुल गांधी ने ऊर्जा संकट को लेकर सरकार को चेताया है। उन्होंने कहा कि विश्व परिस्थितियां तेजी से बदल रही हैं और भारत की ऊर्जा सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है। सरकार पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि यदि तत्काल कदम नहीं उठाए गए, तो यह आर्थिक त्रासदी बन सकती है।

राहुल गांधी ने कहा कि कमजोर और दिशाहीन विदेश नीति ने देश को इस खतरनाक मोड़ पर ला खड़ा किया है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि देश को सच बताया जाए और आने वाले संकट के लिए तैयार किया जाए, नहीं तो इसके भारी कीमत आम जनता को चुकानी पड़ेगी।

यह भी पढ़े : PM Modi Help Iran : पीएम मोदी ने ट्रंप को किया नाराज, कर दिया ईरान को समर्थन देने का एलान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *