Raghav Chadha BJP joining Rumors : आम आदमी पार्टी (AAP) के सांसद राघव चड्ढा भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने जा रहें हैं? दरअसल, इन दिनों पार्टी की राजनीति से दूर नजर आ रहे हैं, जिससे राजनीतिक गलियारों में कई तरह की बातें हो रही हैं। खासतौर पर दिल्ली शराब नीति से जुड़ी घटनाओं में अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया को राहत मिलने के बाद भी उनकी चुप्पी ने इन चर्चाओं को और बढ़ा दी है।
क्या राघव चड्ढा भाजपा में होंगे शामिल?
राजनीति में चर्चा हो रही है कि सांसद राघव चड्ढा जल्दी ही आम आदमी पार्टी (आप) छोड़कर किसी दूसरी पार्टी, जैसे भाजपा, में शामिल हो सकते हैं। लेकिन इन अटकलों पर पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद संजय सिंह ने अपनी प्रतिक्रिया दी है और स्थिति को साफ करने की कोशिश की है। उन्होंने बताया कि राघव चड्डा भाजपा ज्वाइन करेंगे या नहीं?
संजय सिंह ने बताई राघव चड्ढा की सच्चाई
एक इंटरव्यू में संजय सिंह ने कहा कि राघव चड्ढा के पार्टी छोड़ने की बातें पूरी तरह गलत हैं। उन्होंने कहा, “नहीं, यह सही बात नहीं है। वह अभी भी पार्टी में ही हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि राजनीति में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं और इस समय धैर्य बनाए रखना जरूरी है। जब उनसे पूछा गया कि शराब घोटाले में केजरीवाल और सिसोदिया को राहत मिलने के बाद भी राघव चड्ढा ने कोई प्रतिक्रिया क्यों नहीं दी, तो संजय सिंह ने कहा कि इस सवाल का जवाब राघव ही बेहतर दे सकते हैं। उन्होंने संकेत दिया कि हर नेता की अपनी परिस्थितियां और प्राथमिकताएं होती हैं, इसलिए किसी एक बात के आधार पर नतीजा निकालना सही नहीं है।
पार्टी या परिवार में समस्याएं आती हैं – संजय सिंह
पंजाब चुनाव से पहले राघव चड्ढा के भाजपा में जाने की खबरों पर भी संजय सिंह ने कहा कि उन्हें ऐसा नहीं लगता कि राघव पार्टी छोड़ेंगे। साथ ही उन्होंने यह भी साफ किया कि अगर भविष्य में ऐसा कुछ होता है, तो पार्टी के लोग सबसे पहले उनके खिलाफ खड़े होंगे।संजय सिंह ने पार्टी के अंदर के मतभेदों के बारे में भी कहा कि किसी भी संगठन या परिवार में समस्याएं आती रहती हैं, लेकिन उनका समाधान बातचीत और समझदारी से करना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि पार्टी के अंदर के मुद्दों को मिलकर हल करना ही सही तरीका है।
राघव चड्ढा ने साध रखी है चुप्पी
बता दें कि आप सांसद राघव चड्ढा ने उनके भाजपा में जाने की अटकलों पर चुप्पी साध रखी है। अभी तक उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। भले ही राघव चड्ढा की चुप्पी और उनकी गैरमौजूदगी को लेकर बातें हो रही हैं, लेकिन पार्टी नेतृत्व इन अफ़वाहों को खारिज कर रहा है। आने वाले समय में ही पता चलेगा कि इन खबरों में कितनी सच्चाई है।
यह भी पढ़े : UP Politics in Hindi : यूपी में अखिलेश यादव की सरकार आई तो हर आपको हर साल देंगे 40,000 रुपये
