Site iconSite icon SHABD SANCHI

Rewa News : लापता हुई 7 वर्षीय मासूम को पुलिस ने 1 घंटे में ढूंढा, परिजनों की आँखों में आए खुशी के आँसू

Police found the missing 7-year-old within an hour.Police found the missing 7-year-old within an hour.

Police found the missing 7-year-old within an hour.

रीवा। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता की एक मिसाल देखने को मिली है। महज एक घंटे के भीतर पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर लापता हुई एक 7 वर्षीय मासूम बच्ची को सुरक्षित ढूंढ निकाला और उसे उसके परिजनों के सुपुर्द किया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से न केवल एक बड़ा हादसा टल गया, बल्कि पीड़ित परिवार ने भी भावुक होकर रीवा पुलिस का आभार व्यक्त किया है।

खेलते-खेलते अचानक गायब हुई थी मासूम

मिली जानकारी के अनुसार, सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 40, नया तालाब गुढ़ चौराहा निवासी विकास बंसल की 7 वर्षीय पुत्री श्रेया बंसल रविवार दोपहर करीब 2:30 बजे अपने घर के बाहर मोहल्ले में खेल रही थी। खेलते-खेलते वह अचानक कहीं लापता हो गई। काफी देर तक जब बच्ची घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहाँ उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अनहोनी की आशंका से घबराए परिजन तत्काल सिटी कोतवाली थाना पहुँचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी।

CCTV फुटेज और टीम की मुस्तैदी से मिली सफलता

मासूम की गुमशुदगी की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह चौहान के निर्देशन एवं सीएसपी राजीव पाठक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निशा मिश्रा ने तुरंत एक विशेष टीम गठित की। पुलिस ने बिना समय गंवाए मोहल्ले की घेराबंदी की और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया। सघन तलाशी अभियान के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि बच्ची पास के ही एक सुनसान घर में गई थी। जब पुलिस वहाँ पहुँची, तो देखा कि बच्ची वहाँ गहरी नींद में सो रही थी। सुनसान जगह होने के कारण परिजनों की आवाज़ उस तक नहीं पहुँच पा रही थी।

परिजनों ने कहा– ‘धन्यवाद रीवा पुलिस’

महज एक घंटे के भीतर जब पुलिस बच्ची को सुरक्षित लेकर थाने पहुँची, तो वहाँ मौजूद परिजनों के सब्र का बाँध टूट गया। मासूम को सही-सलामत देख माता-पिता की आँखों में खुशी के आँसू छलक आए और पूरा माहौल भावुक हो गया। परिजनों ने रीवा पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस की सक्रियता की वजह से आज उनकी बेटी उनके पास है। इस सफल रेस्क्यू ऑपरेशन में थाना प्रभारी निशा मिश्रा के नेतृत्व में आरक्षक विक्रम वर्मा, अमित सिंह चौहान और अन्य स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।

Exit mobile version