रीवा। जिले के त्यौथर ब्लॉक में शासकीय धन का दुरुपयोग और ठेकेदार की लापरवाही ग्रामीणों पर भारी पड़ रही है। यहाँ ग्राम खरिहानी से जवा चिल्ला तक जाने वाली प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) की सड़क निर्माण के महज 3 साल के भीतर ही पूरी तरह बदहाल हो चुकी है। साल 2021 में बनी यह सड़क साल 2024 से ही पूरी तरह जर्जर हालत में पड़ी हुई है, जिसके कारण पिछले एक साल से इस मार्ग पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं और वाहनों का आवागमन बेहद मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों का गंभीर आरोप है कि जब उन्होंने इस घटिया निर्माण की आवाज उठाई, तो संबंधित ठेकेदार द्वारा उन्हें लगातार फोन कर शिकायत वापस लेने के लिए डराया-धमकाया और दबाव बनाया जा रहा है। बदहाल सड़क के कारण बारिश के दिनों में यह मार्ग लगभग बंद हो जाता है, जिससे स्कूली बच्चों, गंभीर मरीजों और अपनी उपज मंडी तक ले जाने वाले किसानों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय पंचायत स्तर पर कई बार गुहार लगाने के बावजूद अब तक कोई ठोस सुधार कार्य शुरू नहीं हुआ है, जिससे परेशान ग्रामीणों ने अब जिला प्रशासन से तत्काल सड़क की मरम्मत कराने और भ्रष्ट ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग की है।

