PM Modi On India Alliance : विपक्षी गठबंधन पर पीएम मोदी का वार , बोले इन्हें युवाओं की चिंता नहीं

PM Modi On India Alliance : बिहार में विधानसभा चुनाव की तारीख नजदीक है। राज्य में 6 और 11 नवंबर को दो चरण में 243 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव होंगे। वहीं, चुनाव का रिजल्ट 14 नवंबर को जारी किया जाएगा। बिहार चुनाव को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ कार्यक्रम के माध्यम से बिहार के युवा कार्यकर्ताओं से बातचीत की। पीएम मोदी ने कहा है कि यह चुनाव बिहार के इतिहास में एक नया अध्याय लिखने वाला है और युवा इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। पीएम मोदी ने विपक्षी महागठबंधन को लठबंधन करार दिया है। आइए जानते हैं कि पीएम मोदी ने अपने संबोधन में और क्या कुछ कहा है।

पीएम ने युवाओं को दी चित्रगुप्त पूजा की शुभकामनाएं।

पीएम मोदी ने कहा- “बिहार के मेरे युवा साथियों, आप सभी को भाई-दूज के पर्व की ढेर सारी शुभकामनाएं। आज चित्रगुप्त पूजा का पावन दिन भी है, आज बहीखातों की पूजा भी की जाती है। आजकल देश में जीएसटी बचत उत्सव भी चल रहा है। मुझे पता चला है कि जीएसटी बचत उत्सव में बिहार के नौजवानों ने भी अपने लिए खूब खरीदारी की है।

बाइक, स्कूटी पर GST कम होने का बिहार के युवा जबरदस्त लाभ उठा रहे हैं। त्योहारों की इस उमंग में छठी मईया की पूजा की तैयारी भी जोरो पर है। इन सबके साथ-साथ बिहार लोकतंत्र का महापर्व भी मना रहा है। ये बिहार की समृद्धि का नया अध्याय लिखने का चुनाव है। इसमें बिहार के नौजवानों की बहुत बड़ी भूमिका है। इसलिए, बिहार के आप नौजवान साथियों के साथ संवाद का अवसर मिलना उतना ही आनंद देता है।”

देश में चल रहा विकास का महायज्ञ: पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा- “आज देश में विकास का महायज्ञ चल रहा है और बिहार भी इसमें कंधे से कंधा मिलाकर चल रहा है। बिहार में हर एक क्षेत्र में, हर एक दिशा में काम हो रहा है। कहीं अस्पताल बन रहे हैं, कहीं अच्छे स्कूल बन रहे हैं, कहीं नए रेलवे रूट बन रहे हैं। इसका बहुत बड़ा कारण ये है कि देश और बिहार में एक स्थिर सरकार है। जब स्थिरता होती है, तो विकास तेज होता है। बिहार की NDA सरकार की शक्ति भी यही है। इसलिए आज बिहार का हर नौजवान उत्साह से कह रहा है – रफ्तार पकड़ चुका है बिहार, फिर से NDA सरकार!”

सरदार पटेल की जयंती पर रन फॉर यूनिटी का कार्यक्रम।

मोदी बोले मैं बिहार के सभी नौजवानों से कहूंगा कि हर बूथ में सब नौजवानों को एकत्र करें और उस इलाके में जो बुजुर्ग लोग हों, वो आकर जरा सबको पुरानी बातों को बताएं। वो जो विचलित करने वाले उनके अनुभव हैं, वो सभी नई पीढ़ी को बताने का कार्यक्रम बनाया जा सकता है। बिहार के सभी युवा कार्यकर्ताओं को एक और काम करना है।

चुनाव की भागदौड़ रहेगी, छठ का महापर्व भी इसी बीच है। लेकिन, छठ के तुरंत बाद 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस है, देश के महान नेता सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती है। इस दिन Run for Unity होनी है। मैं तो कहूंगा कि हर गांव में कितनी ही चुनावी आपाधापी हो, लेकिन सरदार पटेल को याद करना चाहिए। बड़े शहरों में हर वार्ड में 15-20 मिनट, एकता दौड़ का आयोजन किया जाना चाहिए और ज्यादा से ज्यादा बेटे-बेटियों को इसमें जोड़ना चाहिए।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *