PM Modi In Epstein Files : भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने ‘एपस्टीन फ़ाइल्स’ के एक ईमेल मैसेज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जेफ़री एपस्टीन की मुलाक़ात के दावों को खारिज किया है। कांग्रेस ने शनिवार को दावा किया था कि अमेरिकी यौन अपराधी और मानव तस्कर जेफ़री एपस्टीन की फाइल्स में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी नाम है।
कांग्रेस ने एपस्टीन फ़ाइल्स में पीएम मोदी का किया जिक्र
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया पर लिखा, “यह राष्ट्रीय शर्म का विषय है। पीएम मोदी हमारे तीन सवालों का जवाब दें।” लेकिन विदेश मंत्रालय ने इन आरोपों को खारिज किया है। मंत्रालय ने कहा कि जुलाई 2017 में प्रधानमंत्री की इसराइल यात्रा के अलावा, “बाकी बातें एक दोषी अपराधी की बेकार की बातों से ज्यादा कुछ नहीं हैं।”
विदेश मंत्रालय ने दी सफाई
विदेश मंत्रालय ने कहा, “हमें एपस्टीन फाइल्स से एक ईमेल का जिक्र मिला है, जिसमें प्रधानमंत्री और उनकी इसराइल यात्रा का जिक्र है।” मंत्रालय ने कहा, “जुलाई 2017 में प्रधानमंत्री की इसराइल यात्रा के अलावा बाकी बातें बेकार की हैं और इन्हें नजरअंदाज कर देना चाहिए।”
कांग्रेस ने क्या दावा किया?
शनिवार को कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर कहा, “एपस्टीन फाइल्स में नरेंद्र मोदी का नाम है।” उन्होंने कहा कि एपस्टीन ने 9 जुलाई 2017 को एक मेल में लिखा कि मोदी ने सलाह ली और अमेरिकी राष्ट्रपति के फायदे के लिए इसराइल में नाच-गाना किया। कांग्रेस ने कहा कि एपस्टीन का कहना है कि मोदी ने उनसे सलाह ली और फिर इसराइल जाकर नाचा-गाया। यह मेल मोदी, ट्रंप और इसराइल दौरे के बीच का सम्बन्ध दिखाता है।
कांग्रेस ने तीन सवाल पूछे
1. नरेंद्र मोदी, आप एपस्टीन से कैसी सलाह ले रहे थे?
2. आप अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के फायदे के लिए इसराइल में नाच-गाना क्यों कर रहे थे?
3. एपस्टीन ने लिखा है- “इट वर्क्ड”… इसका क्या मतलब है?
कांग्रेस ने कहा कि देश सरकार से जवाब मांग रहा है कि पीएम मोदी का एपस्टीन से क्या संबंध है।
लाखों नई फाइलें जारी हुईं
अमेरिकन जस्टिस डिपार्टमेंट ने शुक्रवार को एपस्टीन से जुड़ी लाखों नई फाइलें जारी कीं। इनमें 30 लाख पेज, 1 लाख 80 हजार तस्वीरें और 2 हजार वीडियो शामिल हैं। ये फाइलें उस समय जारी की गईं, जब ट्रंप की साइन की गई डेडलाइन खत्म हो गई थी। इन फाइलों में एपस्टीन की जेल में बिताए समय, उनकी मौत, और उनके और हाई-प्रोफाइल हस्तियों के बीच के ईमेल शामिल हैं।
बता दें कि इन फाइलों में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का ज़िक्र कई बार आया है। ट्रंप ने कहा कि उनकी एपस्टीन से दोस्ती पहले की थी, लेकिन अब नहीं। इनमें एलन मस्क के बीच भी ईमेल मिले हैं। मस्क ने कहा कि एपस्टीन ने उन्हें अपने आइलैंड पर बुलाया था, लेकिन उन्होंने मना कर दिया।
यह भी पढ़े : MP Viral News : करोड़ो की सम्पत्ति बन गई हेमलता के लिए जान की आफत! बहन बोली- मारना चाहता है प्रशासन

