Site iconSite icon SHABD SANCHI

मुख्यमंत्री मोहन यादव को धमकी देने वाला मुंबई से गिरफ्तार, भोपाल में होगी पूछताछ

भोपाल। पुलिस के व्हाट्सऐप नंबर पर एक ऐसा मैसेज आया कि, पुलिस अधिकारियों में खलबली मच गई। जो जानकारी आ रही है उसके तहत मैसेज में प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव को जान से मारने की धमकी दी गई थी। धमकी देने के मामले में भोपाल क्राइम ब्रांच ने मुंबई से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को पुलिस टीम भोपाल लेकर आ रही है। यहां उससे पुलिस टीम पूछताछ करेगी। जिसके बाद ही धमकी देने की वजह और उसके पीछे किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आऐगी।

इस तरह से मामला आया सामने

मीडिया खबरों के तहत पुलिस सूत्रों से जानकारी आ रही है कि बुधवार सुबह करीब 11.30 बजे रेडियो मुख्यालय, भदभदा में संचालित डायल-112 के व्हाट्सऐप नंबर पर एक संदेश आया था। इसमें मुख्यमंत्री मोहन यादव को जान से मारने की धमकी दी गई थी। संदेश में मुख्यमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां भी की गई थीं।

पोस्ट में दो बार बदलाव फिर किया डिलीट

जो जानकारी आ रही है उसके तहत जांच में सामने आया कि संदेश भेजने के बाद आरोपी ने उसमें दो बार बदलाव किया। हर बार उसने कुछ और आपत्तिजनक और धमकीपूर्ण बातें जोड़ीं। बाद में आरोपी ने पूरा संदेश डिलीट कर दिया। हालांकि, डायल-112 पर मौजूद कर्मचारियों ने संदेश का स्क्रीनशॉट पहले ही सुरक्षित कर लिया था। रेडियो मुख्यालय की ओर से भोपाल पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। तकनीकी जांच में मोबाइल की लोकेशन मुंबई में पाई गई थी, जिसके बाद क्राइम ब्रांच की टीम शुक्रवार को मुंबई पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी को मुंबई से भोपाल ला रही है। पुलिस अधिकारी उससे सभी पहलुओं पर पूछताछ करेगे। जिसके बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ पाएगी।

Exit mobile version