रीवा। मानसून की पहली ही बारिश ने रीवा नगर निगम के ‘जलभराव मुक्त शहर’ के बड़े-बड़े दावों की हवा निकाल दी है। गुरुवार को हुई झमाझम बारिश के बाद शहर के ड्रेनेज सिस्टम की कलई खुलकर सामने आ गई। मानसून से पहले शत-प्रतिशत नालों की सफाई का दम भरने वाले निगम प्रशासन की लापरवाही का खामियाजा आज आम जनता को भुगतना पड़ा।
बारिश शुरू होते ही शहर के कई प्रमुख मोहल्लों की नालियां पूरी तरह चोक हो गईं। नालियों की गंदगी और कचरा साफ न होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर उफन आया। स्थिति तब और बदतर हो गई जब कई निचले इलाकों के घरों के भीतर यह दूषित पानी घुस गया। इससे नाराज और बेबस नगरवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, स्थिति बिगड़ते देख नगर निगम आयुक्त अक्षत जैन के निर्देश पर बाढ़ नियंत्रण कक्ष को सक्रिय किया गया। जलभराव वाले क्षेत्रों में तुरंत आपातकालीन टीमों को तैनात कर पंपों के जरिए पानी निकालने का काम शुरू तो कर दिया गया है, लेकिन जनता का कहना है कि अगर यह तैयारी मानसून से पहले की गई होती, तो आज शहर तालाब न बनता।
मौसम का हाल: 3 डिग्री गिरा पारा, किसानों के चेहरे खिले
इस मानसूनी बारिश ने जहां शहरी व्यवस्थाओं को संकट में डाला, वहीं दूसरी ओर भीषण उमस और गर्मी से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत भी दी है। पिछले 24 घंटों के दौरान रीवा और आसपास के क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे पारा लुढ़ककर 32.4 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है। इस खुशनुमा मौसम और मानसूनी फुहारों से विंध्य अंचल के किसानों के चेहरे खिल उठे हैं और वे खरीफ फसलों की बुवाई के लिए खेतों को तैयार करने में जुट गए हैं।
मौसम पूर्वानुमान: 24 घंटे का ‘येलो अलर्ट’, आने वाले दिनों में आंधी-बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग की चेतावनी: मौसम केंद्र ने रीवा सहित पूरे विंध्य अंचल के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। आगामी 24 घंटों में क्षेत्र में मध्यम से भारी बारिश होने की प्रबल संभावना जताई गई है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आने वाले दिनों में रीवा के साथ-साथ सिंगरौली, मैहर, अनूपपुर, शहडोल और सीधी सहित पूरे विंध्यप्रदेश के जिलों में गरज-चमक के साथ तेज आंधी और बारिश का दौर जारी रहेगा।
ऐसे में यदि नगर निगम के अधिकारियों ने युद्ध स्तर पर नालों की सफाई, चोक ड्रेनेज को दुरुस्त करने और जलभराव वाले संवेनशील इलाकों की मॉनिटरिंग नहीं की, तो आने वाले दिनों में रीवा शहर की स्थिति और भी गंभीर और भयावह हो सकती है।

