Panna National Park: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार सुबह पन्ना टाइगर रिजर्व के मडला गेट से 10 अत्याधुनिक वीविंग कैंटर बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन नई बसों के शामिल होने से अब पर्यटक जंगल सफारी का लुत्फ़ पहले से कहीं अधिक आरामदायक, सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से उठा सकेंगे।
Panna National Park: मध्यप्रदेश के घने जंगलों में बाघ देखने का सपना अब और आसान हो गया है। राज्य पर्यटन विकास निगम ने पर्यटकों की सबसे बड़ी परेशानी को दूर करते हुए 10 नई, बड़ी और ऊंची कैंटर बसें शुरू की हैं। ये बसें बांधवगढ़, कान्हा, पेंच, पन्ना, परसिली (सीधी) और अन्य प्रमुख वन्यजीव अभयारण्यों में चलाई जा रही हैं।
हर बस में 19 आरामदायक सीटें
सामान्य छोटी जीपों की तुलना में ये कैंटर काफी ऊंचाई पर हैं, इसलिए जंगल के भीतर दूर तक नजर जाती है और बाघ, तेंदुआ, भालू या हिरणों को देखने में किसी तरह की रुकावट नहीं आती। हर बस में 19 आरामदायक सीटें हैं, पैर रखने की भरपूर जगह है और कुशन भी नरम हैं। खासकर बुजुर्गों व छोटे बच्चों वाले परिवार इसे सबसे सुरक्षित और सुकून भरा विकल्प बता रहे हैं।
बुकिंग सीधे पार्क के मुख्य गेट पर होगी
अब तक की सबसे बड़ी दिक्कत थी कि ऑनलाइन सारे स्लॉट भर जाते थे और लोग पार्क गेट तक पहुंचकर भी कई लोग टिकट नहीं मिलने से वापस लौट जाते थे। इस समस्या का हल निकालते हुए निगम ने फैसला किया है कि इन नई कैंटर बसों की सफारी की बुकिंग सीधे पार्क के मुख्य गेट पर ही होगी। यानी अब अचानक प्लान बना और सीधे जंगल पहुंच गए तो भी खाली हाथ नहीं लौटना पड़ेगा।
किराया 1150 से 1450 रुपये
प्रति व्यक्ति एक राउंड का किराया अलग-अलग पार्क में 1150 से 1450 रुपये के बीच रखा गया है। पर्यटन अधिकारियों का मानना है कि इस नई व्यवस्था से न सिर्फ ज्यादा सैलानी जंगल सफारी कर पाएंगे, बल्कि वीकेंड पर अचानक घूमने निकलने वालों को भी पूरा मजा मिलेगा।
कुल मिलाकर मध्यप्रदेश ने अपने जंगल पर्यटन को एक नया और व्यावहारिक रूप दे दिया है। अब देश-दुनिया के प्रकृति प्रेमी बिना महीनों पहले बुकिंग कराए भी कभी भी आकर मध्यप्रदेश के जंगलों की सैर कर सकेंगे।
अधिक जानने के लिए आज ही शब्द साँची के सोशल मीडिया पेज को फॉलो करें और अपडेटेड रहे।
- Facebook: shabdsanchi
- Instagram: shabdsanchiofficial
- YouTube: @ShabdSanchi
- Twitter: shabdsanchi
