रीवा में जंगली हाथियों की एंट्री से दहशत, गांवों में हाई अलर्ट, सुरक्षा के लिए बंद की गई बिजली

Panic due to entry of wild elephants in Rewa

Panic due to entry of wild elephants in Rewa: मध्य प्रदेश के रीवा जिले में जंगली हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया है। शनिवार रात गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के टीकर गांव में हाथियों का एक जोड़ा देखा गया, जिसके बाद वन विभाग ने इलाके में हाई अलर्ट जारी कर दिया है।

वन विभाग की टीम ने हाथियों की लोकेशन जंगल से सटे क्षेत्रों में ट्रैक की है। किसी भी संभावित हादसे से बचने के लिए आसपास के गांवों में बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद कर दी गई है, ताकि अंधेरे में हाथियों के संपर्क में आने से लोगों को नुकसान न हो।

अधिकारियों के अनुसार फिलहाल हाथी जंगल के किनारे वाले इलाके में ही विचरण कर रहे हैं और अभी तक किसी व्यक्ति या संपत्ति को बड़ा नुकसान नहीं पहुंचा है। वन विभाग की टीम लगातार उनकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।

वन विभाग के रेंज अधिकारियों का अनुमान है कि हाथी रात के समय ज्यादा सक्रिय रहते हैं और संभव है कि वे रात में ही टीकर और गोविंदगढ़ के जंगलों को पार कर आगे निकल जाएं। इनमें से एक हाथी के गले में रेडियो कॉलर लगा हुआ है, जिससे उनकी लोकेशन की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे पूरी तरह सतर्क रहें, रात में घर से बाहर न निकलें और हाथियों के करीब जाने की कोशिश न करें।

बताया जा रहा है कि यह हाथियों का जोड़ा पहले बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से भटककर सीधी और मऊगंज होते हुए रीवा पहुंचा है। वन विभाग की टीम लगातार अलर्ट पर है और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *