हरियाणा के पंचकूला से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहां एक रिटायर्ड सेना अधिकारी की पत्नी नीरा मेहता की हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने घर में काम करने वाली घरेलू सहायिका सुनीता और उसके बेटे को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक, सुनीता काफी समय से नीरा मेहता के घर काम करती थी। बताया जा रहा है कि घर में गहने चोरी होने को लेकर उस पर कई बार शक जताया गया था और इसी बात को लेकर दोनों के बीच तनाव बढ़ता जा रहा था। पुलिस का मानना है कि इसी विवाद के चलते हत्या की साजिश रची गई।
CCTV फुटेज से खुला राज
घटना के बाद जब नीरा मेहता अचानक लापता हो गईं तो पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान एक CCTV फुटेज सामने आया, जिसमें सुनीता और उसका बेटा एक शव को ले जाते हुए दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस का शक और गहरा गया।
पड़ोसी की छत से मिला शव
पंचकूला पुलिस की टीम जब सुनीता के घर पहुंची तो वहां ताला लगा मिला। बाद में दूसरे रास्ते से घर के अंदर पहुंचने पर पुलिस ने देखा कि सामान बिखरा पड़ा है। इसके बाद आसपास तलाश की गई, जहां पड़ोसी के घर की छत पर एक दरी के नीचे नीरा मेहता का शव बरामद हुआ।
पुलिस ने क्या कहा?
पंचकूला की DCP अदिति सिंह ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। हालांकि सुनीता का कहना है कि उसने कोई गहने चोरी नहीं किए थे। पुलिस को यह भी शक है कि घटना के बाद सबूत मिटाने की कोशिश की गई।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या के तरीके और मौत की असली वजह का पता चल सकेगा। मामले की जांच जारी है।
वरिष्ठ नागरिकों के लिए हेल्पलाइन जारी
इस घटना के बाद पुलिस ने इलाके के वरिष्ठ नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। साथ ही आपात स्थिति में मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर 9115777026 भी जारी किया गया है। पुलिस ने कहा है कि किसी भी खतरे या परेशानी की स्थिति में इस नंबर पर तुरंत संपर्क किया जा सकता है।

