Site iconSite icon SHABD SANCHI

भोपाल में एनएसजी कमांडो का दिखा शौर्य, प्रदर्शन देख लोग दांतो तले उॅगुली दबाने को हुए मजबूर

भोपाल। राजधानी भोपाल का ऐतिहासिक लाल परेड ग्राउंड सोमवार को शौर्य और पराक्रम का साक्षी बना। एनएसजी द्वारा आयोजित ’समग्र क्षमता निर्माण प्रशिक्षण एवं प्रदर्शन’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। कार्यक्रम की गरिमामयी शुरुआत में डीजीपी कैलाश मकवाना ने मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ भेंटकर आत्मीय स्वागत किया, जिसके उपरांत डॉ. यादव को एनएसजी के जांबाज कमांडोज द्वारा गौरवशाली सलामी दी गई। मुख्यमंत्री जी ने इस विशेष प्रदर्शन को अत्यंत उत्सुकता के साथ देखा।

ब्लैक कैट कमांडोज ने दिखाया अदम्य साहस

प्रदेर्शन के दौरान ब्लैक कैट कमांडोज ने अपनी अद्भुत तकनीक, अदम्य साहस और फुर्ती का परिचय देते हुए विभिन्न सामरिक कौशलों का प्रदर्शन किया। जैसे ही एनएसजी के कमांडोज़ ने अपना दम दिखाना शुरू किया, दर्शक हैरान रह गए। इस प्रदर्शन में हाईटेक ऑपरेशन का लाइव डेमो, एमआई-17 हेलीकॉप्टर और एंटी-ड्रोन तकनीक का प्रदर्शन देखने को मिला। साथ ही कमांडोज़ ने अपनी ताकत का भी दम दिखाया।

युद्ध कौशल और एंटी-टेरर ऑपरेशन प्रदर्शन

प्रदेश की राजधानी में आयोजित एनएसजी कमांडोज के युद्ध कौशल और एंटी-टेरर ऑपरेशन प्रदर्शन के दौरान के-9 डॉग्स और स्पेशल तकनीकों ने लोगों को रोमांचित कर दिया। एनएसजी कमांडोज ने अभ्यास के बीच न केवल आतंकवादियों को मार गिराया, बल्कि बंधकों को भी सुरक्षित छुड़ाया। कमांडोज ने ‘स्पाइडर मैन’ तकनीक का उपयोग करते हुए इमारत को घेरा और विस्फोट कर कार्रवाई की।

डॉग ने दिखाया ऐसा प्रदर्शन

एंटी-टेरर ऑपरेशन के अभ्यास प्रदर्शन के दौरान उनके के-9 असॉल्ट डॉग ने आतंकी को जमीन पर गिराया और उसकी राइफल छीनकर ले गया। इस दौरान ‘रिंग ऑफ फायर’, टाइल ब्रेकिंग और ब्लॉक ब्रेकिंग जैसे प्रदर्शन देखकर दर्शक रोमांचित हो उठे।

मिक्स्ड मार्शल आर्ट का प्रदर्शन

जवानों ने मिक्स्ड मार्शल आर्ट का प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। के-9 जोरो ने अपनी कुशलता से सभी को हैरान कर दिया। आतंकियों के लिए खतरनाक इस श्वान ने जवानों के साथ कदम से कदम मिलाकर आतंकवादियों को ढूंढने में मदद की। वहीं, के-9 रोजर ने बम स्क्वाड टीम के साथ विस्फोटक का पता लगाया। उसने संदिग्ध वस्तु के पास बैठकर टीम को सतर्क किया, जिसके बाद एक्स-रे मशीन की मदद से बम को निष्क्रिय किया गया।

सीएम ने कहां…

कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कमांडोज की तुलना बजरंगबली से की। उन्होंने कहा कि काउंटर टेररिज्म ग्रुप बनाने के लिए लगभग 200 करोड़ रुपये की डीपीआर तैयार है, जिस पर राज्य सरकार काम करने के लिए तैयार है। उन्होने कहा कि एनएसजी जैसे कमांडो सुरक्षा को पुख्ता करने में अपनी अंहम भूमिका निभा रहे है।

Exit mobile version