Site icon SHABD SANCHI

Bihar Politics : राज्यसभा जाने के बाद भी नीतीश कुमार के हाथ में होगा बिहार की सत्ता का ‘रिमोट कंट्रोल’

Bihar Politics

Nitish Kumar Bihar Politics : जब से नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने का एलान किया है, तब से बिहार की राजनीति ने बड़े-बड़े राजनीतिक पंडितों को भी उलझन में डाल दिया है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की बात से जेडीयू नेता भी निराश हो गए हैं। लेकिन नीतीश कुमार ने शनिवार को JDU विधायकों की बैठक कर यह साफ कर दिया है कि वे भले ही दिल्ली जा रहें हों, लेकिन बिहार की सत्ता की ‘रिमोट कंट्रोल’ उन्हीं के हाथ ही रहेगी।

2030 तक नीतीश कुमार के हाथ में रहेगी बिहार की सत्ता 

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेहद करीबी और राज्यसभा सांसद संजय झा ने शनिवार को बड़ा खुलासा किया है। संजय झा के बयान से विपक्षी खेमे में खलबली मच गई है। संजय झा के मुताबिक, भले ही मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देकर नीतीश कुमार राज्यसभा चले जाएंगे, लेकिन 2025 से 2030 तक बिहार की सरकार का रिमोट कंट्रोल नीतीश कुमार के हाथ में ही रहेगा। नीतीश कुमार के इशारे पर ही बिहार की सरकार चलेगी। 

दिल्ली में सांसद रहते हुए बिहार में बने रहेंगे ‘बॉस’

संजय झा ने मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की भविष्य की भूमिका को लेकर सारी तस्वीर साफ कर दी। उन्होंने कहा कि राज्यसभा सांसद बनने के बाद भी नीतीश कुमार बिहार की राजनीति और यहाँ की सरकार से पूरी तरह जुड़े रहेंगे। लोगों को लग रहा है कि नीतीश कुमार बिहार छोड़कर चले गए हैं, लेकिन हकीकत यह है कि वे बस संसद सत्र के दौरान दिल्ली में रहेंगे, बाकी पूरा समय वे बिहार की जनता के बीच ही बिताएंगे।

बिहार की जनता से किए वादे निभाएंगे नीतीश कुमार 

संजय झा ने साफ कर दिया कि नीतीश कुमार ने बिहार की जनता से जो वादे किए हैं, उन्हें वे कभी नहीं भूलेंगे। राज्य की नई सरकार को नीतीश कुमार लगातार अपना मार्गदर्शन देते रहेंगे। उनके मुताबिक, 2025 से लेकर 2030 तक का कार्यकाल पूरी तरह से नीतीश कुमार के विजन और निर्देशन में ही चलेगा।

नीतीश कुमार की सलाह लेकर निशांत संभालेंगे जिम्मेदारी 

संजय झा ने यह भी बताया कि हाल ही में हुई बैठक में नीतीश कुमार ने खुद साफ किया था कि वे नई सरकार को गाइड करते रहेंगे। इस सरकार में नीतीश के भरोसेमंद नेता शामिल रहेंगे और उनके बेटे निशांत कुमार भी अब पार्टी की जिम्मेदारी संभालते नजर आएंगे। झा का मानना है कि नीतीश कुमार किसी भी पद से बड़े नेता हैं और उनका अनुभव बिहार के विकास के लिए बहुत अहम है। उन्होंने यहाँ तक कह दिया कि आने वाले 25-30 सालों तक भी बिहार की राजनीति नीतीश कुमार के बिना अधूरी रहेगी।

गौरतलब है कि नीतीश कुमार सिर्फ सरकार को ही नहीं, बल्कि जेडीयू (JDU) के राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर पार्टी के संगठन को भी मजबूत करने का काम जारी रखेंगे। बता दें कि नीतीश कुमार ने गुरुवार को राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। पिछले दो दशकों से बिहार की कमान संभालने वाले नीतीश कुमार अब जल्द ही मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देंगे, जिसके बाद बिहार को नया मुख्यमंत्री मिलेगा। 

यह भी पढ़े : Iran New Leader : कौन हैं रजा पहलवी? अमेरिका में रहकर ईरान में बना ली अंतरिम सरकार

Exit mobile version