Site iconSite icon SHABD SANCHI

भांजे ने मामा को दी खौफनाक सजा, शादी तय करने से था नाराज, लाठियों से पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट

Nephew beats uncle to death in a horrific mannerNephew beats uncle to death in a horrific manner

Nephew beats uncle to death in a horrific manner

रीवा: जिले के जवा तहसील अंतर्गत पनवार थाना क्षेत्र के ग्राम वीरपुर से एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ एक भांजे ने खून के रिश्तों को तार-तार करते हुए अपने ही सगे मामा की बेरहमी से हत्या कर दी। इस सनसनीखेज हत्याकांड के पीछे की वजह सिर्फ इतनी थी कि मामा ने भांजे की शादी तय कर दी थी, जो उसे नागवार गुजरी।

समझाइश देने पहुंचे थे मामा, भांजे ने ली जान
जानकारी के मुताबिक, आरोपी अरुण कोल अपनी शादी तय होने से इस कदर नाराज था कि वह घर में अपने माता-पिता से लगातार विवाद कर रहा था। जब उसके मामा राम सुजान कोल को इस बात की खबर लगी, तो वे शनिवार को भांजे को समझाने और विवाद शांत कराने उसके घर पहुंचे थे। मामा को देखते ही आरोपी अरुण का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और उसने बिना सोचे-समझे लाठी-डंडों से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमला इतना घातक था कि राम सुजान कोल की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल, परिजनों का फूटा गुस्सा
इस जघन्य हत्याकांड के बाद मृतक के परिजनों ने पनवार पुलिस पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि आरोपी अरुण कोल आदतन हिंसक है और ठीक दो दिन पहले उसने अपने ही घर में आग लगा दी थी और जान से मारने की धमकी दी थी। इस घटना की लिखित शिकायत थाने में की गई थी, लेकिन पुलिस ने मौके पर जाना भी मुनासिब नहीं समझा। ग्रामीणों का स्पष्ट कहना है कि यदि पुलिस समय रहते शिकायत पर कार्रवाई करती, तो आज एक मासूम जान बच सकती थी।

मामला दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद पूरे वीरपुर गांव में मातम और आक्रोश का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पुलिस पर लगे लापरवाही के आरोपों की भी जांच की जाएगी।


Exit mobile version