Site iconSite icon SHABD SANCHI

रीवा में खूनी संघर्ष: बिजली का तार काटने की शिकायत पर भतीजे ने चाचा-चाची को चाकू से गोदा, हालत गंभीर

Nephew attacks uncle and aunt with knife over electricity meter disputeNephew attacks uncle and aunt with knife over electricity meter dispute

Nephew attacks uncle and aunt with knife over electricity meter dispute

रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा जिले से एक दिल दहला देने वाली पारिवारिक हिंसा की वारदात सामने आई है। बिछिया थाना क्षेत्र के महाजन टोला में शनिवार को एक मामूली घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। यहाँ बिजली मीटर का तार काटने की शिकायत करने से नाराज एक कलयुगी भतीजे ने अपने ही सगे चाचा और चाची पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस अचानक हुए जानलेवा हमले में पति-पत्नी दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद से ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

शिकायत करने पर फूटा आरोपी का गुस्सा

जानकारी के मुताबिक, महाजन टोला के रहने वाले उमेश साकेत ने अपने एक रिश्तेदार के घर लगे बिजली मीटर का तार काटे जाने की शिकायत आरोपी के पिता से की थी। शनिवार को इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बातचीत हो रही थी जो देखते ही देखते कहासुनी में बदल गई। अपने पिता से शिकायत किए जाने की भनक जैसे ही आरोपी भतीजे चाहत साकेत को लगी, वह आगबबूला हो गया। वह तुरंत मौके पर पहुंचा और अपने चाचा उमेश साकेत के साथ गाली-गलौज करते हुए विवाद करने लगा।

बीच-बचाव करने आई चाची को भी नहीं बख्शा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों के बीच बहस इतनी ज्यादा बढ़ गई कि आरोपी चाहत ने आव देखा न ताव और अपने पास छिपाकर रखा धारदार चाकू निकाल लिया। उसने सीधे अपने चाचा उमेश साकेत पर हमला कर दिया और उनके पेट व शरीर के अन्य हिस्सों पर वार करने लगा। चीख-पुकार सुनकर जब उमेश की पत्नी सीमा साकेत अपने पति को बचाने के लिए बीच-बचाव करने दौड़ीं, तो सिर पर खून सवार आरोपी ने उन पर भी रहम नहीं खाया। आरोपी चाहत ने अपनी चाची सीमा पर भी चाकू से कई वार किए, जिससे दोनों लहू-लुहान होकर वहीं गिर पड़े।

स्थानीय लोगों ने बचाई जान, पुलिस जांच में जुटी

चीख-पुकार और मौके पर मची अफरा-तफरी को देखकर आसपास के स्थानीय लोग तुरंत घटना स्थल की ओर दौड़े। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बीच-बचाव किया और आरोपी को पकड़ा, जिसके बाद मामला शांत हो सका। ग्रामीणों ने खून से लथपथ घायल पति-पत्नी को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहाँ उनका उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही बिछिया थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने अस्पताल जाकर घायलों के बयान दर्ज कर लिए हैं और आरोपी चाहत साकेत के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घायलों का मेडिकल परीक्षण करा लिया गया है और फॉरेंसिक व मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के खिलाफ आगे की कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version