Site iconSite icon SHABD SANCHI

MP Today Weather: प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला, 42 जिलों में आंधी-बारिश-ओले का अलर्ट, 6 अप्रैल तक असर जारी

MP Today Weather: मध्यप्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। पूरे प्रदेश में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का सिस्टम सक्रिय हो गया है, जिसके चलते 42 जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। तेज हवाएं 50 से 60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चल सकती हैं, जिससे कई जगहों पर जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार यह मौसमी स्थिति 6 अप्रैल तक बनी रहने की संभावना है।

MP Today Weather: मध्यप्रदेश में मौसम अचानक करवट ले चुका है। साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ लाइन के सक्रिय होने से पूरे प्रदेश में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव हो गया है। गुरुवार को 15 से ज्यादा जिलों में मौसम बदला, कहीं तेज बारिश हुई तो कहीं आंधी ने तबाही मचाई। मौसम केंद्र भोपाल ने शुक्रवार को 42 जिलों के लिए आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। इनमें से कुछ जिलों में मौसम ज्यादा खराब रहने की चेतावनी दी गई है।

इन जिलों में ज्यादा खराब रहेगा मौसम

अलीराजपुर, धार, बड़वानी, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा और सिवनी में तेज हवाओं के साथ ओले गिरने की संभावना है। इन जिलों में भारी बारिश और आंधी का खतरा ज्यादा बताया गया है।

42 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, नीमच, मंदसौर, रतलाम, झाबुआ, आगर-मालवा, राजगढ़, शाजापुर, देवास, गुना, अशोकनगर, विदिशा, सीहोर, हरदा, बैतूल, नर्मदापुरम, रायसेन, सागर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, दमोह, मैहर, कटनी, उमरिया, शहडोल, डिंडोरी, अनूपपुर, मंडला और बालाघाट सहित कुल 42 जिलों में तेज आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार अगले चार दिन यानी 6 अप्रैल तक प्रदेश में तेज हवाएं, बारिश और ओलावृष्टि का दौर जारी रह सकता है।

भोपाल में आंधी-बारिश से बिजली ठप

राजधानी भोपाल में गुरुवार शाम को तेज आंधी चली। इसके बाद कई इलाकों में बिजली गुल हो गई। कोलार, रायसेन रोड, अवधपुरी, होशंगाबाद रोड और पुराने शहर के बड़े हिस्से प्रभावित हुए। रात भर रुक-रुककर बारिश का सिलसिला भी जारी रहा।

6 अप्रैल तक जारी रहेगा मौसम का असर

प्रदेश में फिलहाल साइक्लोनिक सर्कुलेशन और दो ट्रफ लाइन सक्रिय हैं। मौसम विभाग के मुताबिक 6 अप्रैल तक आंधी, बारिश और ओलों का दौर चलेगा। 7 अप्रैल से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है, जिसके चलते 10 अप्रैल तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा।

गर्मी का प्रकोप भी जारी, खजुराहो में 40.4 डिग्री पहुंचा तापमान

इस बीच प्रदेश में गर्मी का असर भी बना हुआ है। गुरुवार को सबसे ज्यादा तापमान खजुराहो में 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रतलाम में 39.5 डिग्री, दमोह और नौगांव में करीब 39 डिग्री तापमान रहा। भोपाल में अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

अप्रैल के दूसरे सप्ताह से बढ़ेगी गर्मी

मौसम साफ होते ही तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होने की संभावना है। अप्रैल के दूसरे सप्ताह से प्रदेश में तेज गर्मी शुरू हो जाएगी। ग्वालियर, धार, खरगोन, बड़वानी और खजुराहो जैसे इलाकों में तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

Exit mobile version