MP Today Weather: मध्य प्रदेश में मौसम अब बदलाव की ओर बढ़ रहा है। 23 और 24 जनवरी को एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ (स्ट्रॉन्ग वेस्टर्न डिस्टरबेंस) के प्रभाव से मावठे की हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। ग्वालियर, रीवा समेत करीब 10 जिलों श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना और मऊगंज में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
MP Today Weather: मध्य प्रदेश में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। पश्चिमी विक्षोभ के मजबूत प्रभाव से 23 और 24 जनवरी को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश यानी मावठा गिरने की संभावना है। मौसम विभाग ने ग्वालियर-रीवा संभाग समेत करीब 10 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। बारिश के साथ कोहरे की स्थिति भी बनी रहेगी, जिससे सुबह के समय दृश्यता प्रभावित हो सकती है।
कोहरे ने कई जिलों में दृश्यता कम की
बुधवार सुबह प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हल्के से मध्यम कोहरे का असर रहा। ग्वालियर, भिंड, दतिया, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना और रीवा में मध्यम स्तर का कोहरा छाया रहा, जबकि भोपाल, इंदौर, उज्जैन जैसे बड़े शहरों में हल्का कोहरा देखा गया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, रात के तापमान में अभी ज्यादा बदलाव नहीं है, लेकिन दिन में धूप निकलने से ठंड का असर कम रहेगा। न्यूनतम और अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज हो सकती है।
मंदसौर सबसे ठंडा रहा, इंदौर में भी पारा लुढ़का
पिछले दो दिनों में प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान मंदसौर में 5.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजगढ़ में 6.6 डिग्री, शाजापुर में 7.1 डिग्री, दतिया में 8.6 डिग्री और शिवपुरी में 9 डिग्री रहा। बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल का न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री, इंदौर का 8.4 डिग्री, ग्वालियर का 10 डिग्री, उज्जैन का 9.8 डिग्री और जबलपुर का 14.5 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकांश शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के आसपास या उससे ऊपर बना हुआ है।
जनवरी के अंत में फिर लौटेगी कड़ाके की ठंड
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मौजूदा राहत ज्यादा दिनों तक नहीं टिकेगी। पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद प्रदेश में ठंड का एक और तेज दौर लौट सकता है। तापमान में गिरावट के साथ कुछ इलाकों में शीतलहर चलने की संभावना है। जनवरी के आखिरी दिनों में दिन हल्के गर्म और रातें काफी ठंडी रहने का अनुमान है।
कब और कहां बरसेंगे बादल?
- 23 जनवरी: ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड और दतिया में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना।
- 24 जनवरी: ग्वालियर, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा और मऊगंज में मावठा गिर सकता है।
दो सिस्टम सक्रिय, जेट स्ट्रीम का भी असर
मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में दो मौसमी सिस्टम सक्रिय हैं। एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान के ऊपर है, जो 21 जनवरी की रात से उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा और इसी के कारण 23-24 जनवरी को मध्य प्रदेश में बारिश होगी। इसके अलावा एक चक्रवाती सर्कुलेशन भी सक्रिय है, जिससे नर्मदापुरम सहित कुछ जिलों में बादल छाए रहेंगे। उत्तर भारत के ऊपरी वायुमंडल में 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर तेज रफ्तार जेट स्ट्रीम हवाएं चल रही हैं, जो प्रदेश के मौसम को प्रभावित कर रही हैं।
