MP Today Weather: मध्यप्रदेश भीषण गर्मी और लू की चपेट में आ गया है, जहां मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के 42 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। बुंदेलखंड क्षेत्र के टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना में सबसे गंभीर स्थिति को देखते हुए रेड अलर्ट घोषित किया गया है, जबकि छतरपुर जिले का नौगांव 46.8 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा।
MP Today Weather: नौतपा शुरू होने में अभी दो दिन बाकी हैं, लेकिन मध्यप्रदेश पहले ही भीषण गर्मी और लू (Heatwave) की चपेट में आ चुका है। प्रदेश के उत्तरी और मध्य हिस्सों में सूरज आग बरसा रहा है। सुबह से ही सड़कों पर सन्नाटा पसरा नजर आ रहा है। लोग घर से निकलते समय छाता, गमछा और दुपट्टे का सहारा ले रहे हैं।
42 जिलों में अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के 42 जिलों में हीटवेव (Heatwave Alert) जारी किया है। बुंदेलखंड के टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना में स्थिति सबसे गंभीर है, जहां रेड अलर्ट (Red Alert) घोषित किया गया है। ग्वालियर-चंबल, सागर और रीवा संभाग के कई जिलों में तेज लू (Severe Heatwave) चलने की चेतावनी दी गई है।
नौगांव में 46.8 डिग्री तापमान
शुक्रवार को छतरपुर जिले का नौगांव प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां अधिकतम तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस (Temperature) दर्ज किया गया। खजुराहो में 46.4 डिग्री, टीकमगढ़ और सतना में 44.5 डिग्री, दतिया में 44.4 डिग्री तथा दमोह-नरसिंहपुर में 44.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।
बड़े शहरों में गर्मी का कहर
प्रमुख शहरों में जबलपुर सबसे गर्म रहा, जहां पारा 44 डिग्री तक पहुंच गया। ग्वालियर में 43.7 डिग्री, भोपाल में 42.2 डिग्री, उज्जैन में 42 डिग्री और इंदौर में 41.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
31 मई तक राहत के आसार नहीं
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले एक सप्ताह तक गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद कम है। 25 मई से शुरू हो रहे नौतपा (Nautapa) के दौरान गर्मी और बढ़ने की संभावना है। 31 मई तक पूरे प्रदेश में भीषण गर्मी (Extreme Heat) का दौर जारी रहने का अनुमान है।
इन जिलों में सबसे ज्यादा खतरा
रेड अलर्ट: टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना
ऑरेंज अलर्ट: ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, सतना, रीवा समेत 18 जिले
येलो अलर्ट: भोपाल, इंदौर, जबलपुर समेत 18 जिले
मौसम विभाग ने दोपहर 12 से 3 बजे के बीच बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। पर्याप्त पानी पीने, हल्के सूती कपड़े पहनने और बच्चों व बुजुर्गों का खास ध्यान रखने की अपील की गई है।

