Site iconSite icon SHABD SANCHI

MP Today Weather: प्रदेश में मानसून का कहर जारी, 6 जिलों में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात

MP Today Weather: मध्य प्रदेश में मानसून पूरे शबाब पर है और लगातार हो रही बारिश से कई जिलों में हालात बिगड़ने लगे हैं। मौसम विभाग (IMD Alert) ने अगले चार दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। बुधवार के लिए इंदौर, उज्जैन सहित 28 जिलों में अलर्ट घोषित किया गया है। वहीं पन्ना, छतरपुर, खंडवा समेत कई इलाकों में लगातार बारिश के कारण जलभराव, उफनती नदियों और बाधित यातायात से जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

MP Today Weather: मध्य प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय बना हुआ है। लगातार हो रही तेज बारिश के कारण कई जिलों में जनजीवन प्रभावित हो गया है। नदी-नाले उफान पर हैं और कई स्थानों पर बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। मौसम विभाग (IMD Alert) ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि प्रदेश में अगले चार दिनों तक भारी से अति भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। इस दौरान कई इलाकों में 24 घंटे के भीतर 4 से 8 इंच तक बारिश होने की संभावना जताई गई है।

इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

बुधवार के लिए श्योपुर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, सागर और टीकमगढ़ जिलों में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट (Heavy Rain Alert) जारी किया गया है। वहीं ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, छतरपुर, दमोह, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, रायसेन, नर्मदापुरम, विदिशा, सीहोर, राजगढ़, आगर-मालवा, उज्जैन, इंदौर, धार, झाबुआ, नीमच और मंदसौर समेत कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। राजधानी भोपाल सहित अन्य क्षेत्रों में भी हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहने के आसार हैं।

पन्ना, छतरपुर और खंडवा में बिगड़े हालात

लगातार बारिश का सबसे ज्यादा असर पन्ना, छतरपुर और खंडवा जिलों में देखने को मिला है। कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है, जबकि खजुराहो क्षेत्र के कई संपर्क मार्ग पानी भरने से बंद हो गए हैं। नदियों का जलस्तर बढ़ने के कारण ग्रामीण इलाकों में आवाजाही भी प्रभावित हुई है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।

29 जिलों में हुई अच्छी बारिश

मंगलवार को प्रदेश के 29 जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक करीब पौने दो इंच बारिश खजुराहो में रिकॉर्ड हुई। धार में डेढ़ इंच से अधिक, राजगढ़ में सवा इंच, जबकि रतलाम और उज्जैन में करीब पौन इंच बारिश हुई। भोपाल, सागर और खरगोन में लगभग आधा इंच वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा सतना, सीधी, टीकमगढ़, बालाघाट, बैतूल, गुना, नर्मदापुरम, इंदौर, खंडवा, रायसेन, छिंदवाड़ा, दमोह, शाजापुर, सीहोर, विदिशा, जबलपुर, नौगांव, आगर-मालवा, मंदसौर, झाबुआ, पन्ना और हरदा सहित कई जिलों में भी अच्छी बारिश हुई।

बारिश से मौसम हुआ सुहावना

लगातार बारिश के चलते प्रदेशभर में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। इंदौर का अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस, जबलपुर 30.6 डिग्री, भोपाल 31 डिग्री, उज्जैन 31.5 डिग्री और ग्वालियर 33.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं मलाजखंड सबसे ठंडा क्षेत्र रहा, जहां अधिकतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

सामान्य से अधिक हुई बारिश

इस मानसून सीजन में मध्य प्रदेश में अब तक 200.5 मिमी यानी करीब 8 इंच बारिश रिकॉर्ड की जा चुकी है, जो सामान्य वर्षा 191.3 मिमी से लगभग 5 प्रतिशत अधिक है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में सामान्य से 21 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई है, जबकि पूर्वी हिस्से में अभी भी 12 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है।

देवास सबसे आगे, जुलाई में और बढ़ेगी बारिश

देवास इस सीजन का सबसे अधिक बारिश वाला जिला बना हुआ है। यहां सामान्य से 123 प्रतिशत अधिक यानी करीब 16 इंच बारिश दर्ज की गई है। इंदौर में लगभग 13 इंच और भोपाल में 12 इंच बारिश हो चुकी है। मौसम विभाग का कहना है कि जुलाई मानसून का सबसे सक्रिय महीना होता है और प्रदेश की कुल मौसमी बारिश का लगभग 40 प्रतिशत हिस्सा इसी महीने में दर्ज होता है। ऐसे में आने वाले दिनों में भी कई जिलों में तेज बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

Exit mobile version