Site icon SHABD SANCHI

MP: मुख्य सचिव अनुराग जैन ने अफवाहों पर सख्ती और वैकल्पिक ईंधन के उपयोग के दिए निर्देश

LPG Shortage in MP: ईरान-अमेरिका तनाव के बीच मध्य प्रदेश में गैस एवं अन्य ईंधनों की उपलब्धता को लेकर मुख्य सचिव अनुराग जैन ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से कमिश्नरों, कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों के साथ समीक्षा बैठक की, जिसमें एलपीजी, पेट्रोल, डीजल सहित ईंधनों की आपूर्ति और वितरण व्यवस्था की गहन जांच की गई। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि घरेलू गैस रिफिल बुकिंग, ओटीपी और डिलीवरी प्रक्रिया को पूरी तरह सुचारू रखा जाए, गैस कंपनियों के सर्वर मजबूत किए जाएं, अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को पीएनजी से जोड़ा जाए तथा सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का उसी दिन संतोषजनक निपटारा सुनिश्चित किया जाए.

LPG Shortage in MP: ईरान-अमेरिका जंग के चलते वैश्विक स्तर पर ईंधन आपूर्ति श्रृंखला प्रभावित होने की आशंका के बीच मध्य प्रदेश सरकार ने सतर्कता बरती है। मुख्य सचिव अनुराग जैन ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कमिश्नरों, कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की। बैठक में एलपीजी, पेट्रोल, डीजल सहित अन्य ईंधनों की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था और संभावित चुनौतियों की विस्तृत समीक्षा की गई।

घरेलू गैस वितरण व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की रिफिल बुकिंग, ओटीपी जनरेशन और डिलीवरी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने गैस कंपनियों को अपने सर्वर और तकनीकी ढांचे को मजबूत करने के लिए भी कहा। बैठक में बताया गया कि प्रदेश में घरेलू एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है तथा आपूर्ति निर्बाध रूप से जारी है।

पीएनजी कनेक्शन बढ़ाने और शिकायतों का त्वरित निपटारा

मुख्य सचिव ने विभिन्न शहरों में पाइपलाइन गैस (पीएनजी) कनेक्शन की स्थिति की जानकारी ली और कलेक्टरों को अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को पीएनजी से जोड़ने के प्रयास तेज करने को कहा। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन पर आने वाली शिकायतों का उसी दिन संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अफवाहों और कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई

डीजीपी कैलाश मकवाना ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि सोशल मीडिया और अन्य प्लेटफॉर्म्स पर गलत सूचनाएं व अफवाहें फैलाने वालों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की जाए। साथ ही अवैध जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए सुरक्षात्मक इंतजाम मजबूत किए जाएं। मुख्य सचिव ने भी अफवाहों पर सख्ती से रोक लगाने पर जोर दिया।

वैकल्पिक ईंधन के उपयोग को प्रोत्साहन

बैठक में जानकारी दी गई कि कई जिलों में कलेक्टरों ने होटल, रेस्टोरेंट और मैरिज गार्डन संचालकों से चर्चा कर रसोई गैस के बजाय इलेक्ट्रिक भट्टी, इंडक्शन और अन्य वैकल्पिक ईंधनों के उपयोग को बढ़ावा दिया है। मुख्य सचिव ने इन प्रयासों की सराहना की और अन्य जिलों में भी इसी तरह के कदम उठाने के निर्देश दिए।

जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित करने के आदेश

मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि प्रत्येक जिले में कंट्रोल रूम स्थापित कर रोजाना ईंधन उपलब्धता की समीक्षा की जाए और किसी भी समस्या पर तुरंत समाधान किया जाए। बैठक में एसीएस शिवशेखर शुक्ला, रश्मि अरूण शमी, डीजीपी कैलाश मकवाना सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Exit mobile version