Site icon SHABD SANCHI

MP: CM डॉ. मोहन यादव ने दिए सख्त निर्देश, वल्लभ भवन में लेट आने-जल्दी जाने वालों पर होगी कार्रवाई

mp today weather

Vallabh Bhawan News: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अधिकारियों और कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए विशेष छापेमारी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसके तहत वल्लभ भवन, विंध्याचल और सतपुड़ा भवनों के उपस्थिति रिकॉर्ड एकत्र किए जाएंगे।

Vallabh Bhawan News: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सरकारी कार्यालयों में समय की पाबंदी सुनिश्चित करने के लिए कड़े कदम उठाए हैं। उन्होंने वल्लभ भवन, विंध्याचल और सतपुड़ा भवन में अधिकारियों व कर्मचारियों की उपस्थिति पर विशेष निगरानी के निर्देश दिए हैं।

छापामार कार्रवाई के आदेश, विशेष टीमें तैनात

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुख्य सचिव और सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) को आदेश दिया कि गुरुवार (आज) सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक इन प्रमुख कार्यालयों में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति, आने-जाने का समय तथा अनधिकृत अनुपस्थिति की विस्तृत जानकारी एकत्र की जाए। सामान्य प्रशासन विभाग ने इस कार्रवाई के लिए विशेष टीमें गठित कर विभिन्न कार्यालयों में तैनात कर दी हैं। वरिष्ठ अधिकारियों को भी इस आदेश की सूचना दे दी गई है। यह छापामार जांच मुख्यमंत्री के उन बार-बार दिए निर्देशों का हिस्सा है, जिसमें उन्होंने पांच दिवसीय कार्यालय व्यवस्था के बावजूद कई अधिकारियों के निर्धारित समय पर न आने की शिकायत की थी। इससे प्रशासनिक कार्यों में बाधा उत्पन्न होती है।

जनकल्याणकारी योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जनता से जुड़े कार्यों, कल्याणकारी योजनाओं और सामान्य प्रशासन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या लेटलतीफी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समय पर काम करना अब अनिवार्य है। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। सरकार का फोकस जनता की सुविधा, पारदर्शी प्रशासन और समयबद्धता पर है।

आज राजस्थान और छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगे सीएम

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज भोपाल से बाहर दौरे पर हैं। वे सुबह 9:05 बजे भोपाल से उड़ान भरकर उदयपुर पहुंचेंगे और वहां से भीलवाड़ा जाएंगे। भीलवाड़ा में उद्योगपतियों के साथ निवेश संभावनाओं पर संवाद करेंगे। इसके बाद दोपहर 3:25 बजे उदयपुर से जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। जबलपुर से गढ़ाकोटा पहुंचकर 218वें ‘रहस मेला’ और सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के वितरण कार्यक्रम में शामिल होंगे। शाम को वे रायपुर (छत्तीसगढ़) के लिए प्रस्थान करेंगे।

Exit mobile version