MP: जयपुर में इंटरैक्टिव सेशन, सीएम का उद्योगपतियों से सीधा संवाद

MP Investment: मध्य प्रदेश को निवेश का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सक्रियता से आगे बढ़ रहे हैं, इसी क्रम में वे 21 मार्च 2026 को जयपुर में उद्योगपतियों से सीधा संवाद करेंगे। इस इंटरैक्टिव सेशन में राज्य की नई औद्योगिक नीतियां, मजबूत अधोसंरचना, विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध निवेश अवसरों तथा प्रोत्साहनों को प्रमुखता से प्रस्तुत किया जाएगा, ताकि राजस्थान सहित आसपास के उद्योगपति मध्य प्रदेश में निवेश के लिए प्रेरित हों।

MP Investment: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मध्य प्रदेश को देश का सबसे भरोसेमंद और तेजी से उभरता निवेश गंतव्य बनाने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर लगातार प्रयासरत हैं। इसी क्रम में वे विभिन्न राज्यों में रोड-शो आयोजित कर उद्योगपतियों से वन-टू-वन संवाद कर रहे हैं और राज्य की औद्योगिक संभावनाओं को साझा कर रहे हैं।

21 मार्च को जयपुर में विशेष इंटरैक्टिव सेशन

21 मार्च 2026 को जयपुर के प्रतिष्ठित आईटीसी राजपूताना होटल में ‘इंटरैक्टिव सेशन ऑन इन्वेस्टमेंट अपॉर्च्यूनिटीज इन मध्य प्रदेश’ का आयोजन किया जा रहा है। इस सत्र में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से सीधा संवाद करेंगे। वे राज्य में उपलब्ध निवेश अवसरों, नई औद्योगिक नीतियों, बेहतर अधोसंरचना और प्रोत्साहनों के बारे में विस्तृत जानकारी साझा करेंगे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जयपुर और आसपास के क्षेत्रों के उद्योगपतियों को मध्य प्रदेश में निवेश के लिए प्रेरित करना है।

निवेश से रोजगार, कौशल और क्षेत्रीय विकास पर जोर

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश अब केवल संभावनाओं तक सीमित राज्य नहीं रहा है। नीतिगत स्पष्टता, त्वरित निर्णय क्षमता और मजबूत औद्योगिक आधार के साथ राज्य अब निवेश को धरातल पर उतारने में अग्रणी बन गया है। उनका मानना है कि निवेश केवल पूंजी का प्रवाह नहीं, बल्कि रोजगार सृजन, कौशल विकास, प्रौद्योगिकी हस्तांतरण और संतुलित क्षेत्रीय विकास का प्रभावी माध्यम है।

इस सत्र में कृषि, फूड प्रोसेसिंग, डेयरी, टेक्सटाइल, गारमेंट्स, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रिक व्हीकल, नवीकरणीय ऊर्जा, माइनिंग और पर्यटन जैसे प्रमुख क्षेत्रों के उद्योगपति और संगठन शामिल होंगे। वन-टू-वन बैठकों के माध्यम से सेक्टर-विशेष अवसरों, परियोजना स्तर के सहयोग और समयबद्ध निवेश क्रियान्वयन पर गहन चर्चा होगी।

18 नई औद्योगिक नीतियां और प्रमुख पहलें

डॉ. यादव ने बताया कि राज्य सरकार ने हाल ही में 18 नई औद्योगिक नीतियां लागू की हैं तथा दो ‘जन विश्वास अधिनियमों’ के माध्यम से औद्योगिक प्रक्रियाओं को सरल, पारदर्शी और तेज बनाया गया है। प्रदेश में औद्योगिक विकास को संतुलित रूप से फैलाने के लिए कई महत्वपूर्ण पहलें की जा रही हैं, जिनमें उज्जैन में मेडिकल डिवाइस पार्क, नर्मदापुरम में पावर और रिन्यूएबल एनर्जी मैन्युफैक्चरिंग जोन, ग्वालियर में फुटवियर पार्क, जबलपुर में डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग हब, रतलाम में मेगा इंडस्ट्रियल पार्क और धार में पीएम मित्रा पार्क जैसी प्रमुख परियोजनाएं शामिल हैं।

इसके अलावा भोपाल में संत रविदास ग्लोबल स्किल्स पार्क तथा इंदौर, भोपाल, उज्जैन और रीवा में विकसित हो रहे आईटी पार्क राज्य के नवाचार, कौशल विकास और प्रतिभा संवर्धन को नई गति प्रदान कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *