Site icon SHABD SANCHI

रीवा में मोहनिया टनल स्टंटबाज पकड़ा, पुलिस ने सुपर बाइक जब्त कर आपराधिक केस दर्ज किया

Mohania Tunnel stuntman caught in Rewa

Mohania Tunnel stuntman caught in Rewa

Mohania Tunnel stuntman caught in Rewa: रीवा और सीधी को जोड़ने वाली मोहनिया टनल में सुपर बाइक से खतरनाक स्टंट करने और मरीज लेकर जा रही एंबुलेंस के बगल में स्टंटबाजी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यातायात पुलिस ने त्वरित और सख्त कार्रवाई की है। स्टंट करने वाले युवक की पहचान सचिन के रूप में हुई है, जिसने “सचिन द राइडर” आईडी से ये वीडियो अपलोड किए थे। पुलिस ने न केवल उसकी सुपर बाइक (क्रमांक MP17 ZG 9141) जब्त की है, बल्कि उसके खिलाफ आपराधिक प्रकरण भी दर्ज कर लिया है।

वीडियो में युवक मोहनिया टनल के अंदर तेज रफ्तार से बाइक दौड़ाते हुए खड़े होकर, दोनों हाथ छोड़कर और अन्य खतरनाक स्टंट करता नजर आ रहा है। एक वीडियो में वह सड़क पर मरीज लेकर जा रही एंबुलेंस के आगे-पीछे और बगल में स्टंटबाजी करता दिखा, जिससे मरीज की जान जोखिम में पड़ गई। युवक ने कुछ वीडियो में पुलिस को खुलेआम चुनौती देते हुए “पुलिस फील द रील” या “फील माई रील” जैसे कैप्शन लिखे, जिससे सोशल मीडिया पर पुलिस की आलोचना हुई।

डीएसपी यातायात राजीव पाठक ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान लेते ही राइडर की तलाश शुरू की गई। जांच में उसकी पहचान होने पर बाइक जब्त कर ली गई और चालानी कार्रवाई के साथ आपराधिक मामला दर्ज किया गया। पुलिस का कहना है कि ऐसी स्टंटबाजी न केवल मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन है, बल्कि आम नागरिकों और अन्य वाहन चालकों की जान के लिए गंभीर खतरा भी पैदा करती है।

डीएसपी ने स्पष्ट किया कि सड़क पर लोगों की सुरक्षा को खतरे में डालने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। भविष्य में भी ऐसी गतिविधियों पर सख्त निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी। इस घटना ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर वायरल होने के चक्कर में जानलेवा स्टंट करने की बढ़ती प्रवृत्ति पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Exit mobile version