रीवा जिले के सेमरिया थाना क्षेत्र से सुरक्षा व्यवस्था को ठेंगा दिखाने वाली एक बड़ी वारदात सामने आई है। यहाँ मझियार स्थित ‘आदर्श वेयरहाउस’ में देर रात अज्ञात बदमाशों ने धावा बोलते हुए सुरक्षा व्यवस्था की धज्जियां उड़ा दीं। शातिर चोरों ने गोदाम का ताला चटकाया और अंदर रखा भारी मात्रा में सरकारी अनाज पार कर दिया। इस बड़ी चोरी से इलाके में हड़कंप मच गया है।
गहरी नींद में सोता रहा चौकीदार, भनक तक नहीं लगी
हैरानी की बात यह है कि जब बदमाश इस बड़ी चोरी को अंजाम दे रहे थे, तब गोदाम की रखवाली के लिए तैनात चौकीदार सामने बने स्टाफ रूम में गहरी नींद का आनंद ले रहा था। चोरों ने बड़ी आसानी से गोदाम से 233 बोरी सरकारी गेहूं समेटा और चंपत हो गए, लेकिन चौकीदार को इसकी भनक तक नहीं लगी। बताया गया है कि इस गोदाम में हाल ही में किसानों से खरीद कर कुल 375 बोरियां भंडारित की गई थीं।
सुबह खुला शटर देख उड़े होश, लोडर वाहन के इस्तेमाल की आशंका
सुबह करीब 7 बजे जब चौकीदार की नींद खुली और उसने गोदाम का शटर खुला देखा, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। उसने तुरंत मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों और स्थानीय पुलिस को दी। इतनी बड़ी मात्रा में बोरियां ले जाने के लिए बदमाशों द्वारा किसी लोडर वाहन या ट्रक के इस्तेमाल किए जाने की प्रबल आशंका जताई जा रही है।
घटना की लिखित शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर बारीकी से निरीक्षण किया है। इस वारदात के बाद वेयरहाउस की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।

