Misbehavior with passengers in Sutra Seva bus in Satna : सतना के अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (ISBT) के आसपास निजी बस ऑपरेटरों की गुंडागर्दी एक बार फिर सुर्खियों में आ गई है। शनिवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें निजी बस का एक कर्मचारी सूत्र सेवा बस में बैठे यात्री के साथ अभद्र व्यवहार करता और गाली-गलौज करता दिखाई दे रहा है।
घटना रीवा रोड पर कारगिल ढाबा के पास हुई। सूत्र सेवा की बस सतना से रीवा जा रही थी। एक नियमित यात्री आईएसबीटी नहीं पहुंच पाया, इसलिए उसने रीवा रोड पर कारगिल ढाबा के पास बस रोककर चढ़ लिया। इसी दौरान वहां खड़ी एक निजी बस का कर्मचारी यह देखकर भड़क गया कि यात्री उसकी बस छोड़कर सूत्र सेवा बस में क्यों बैठ गया।निजी बस कर्मचारी सूत्र सेवा बस के अंदर घुस गया और यात्री से तीखी बहस शुरू कर दी।
बातचीत जल्द ही गाली-गलौज में बदल गई। पूरी घटना बस में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। अन्य यात्रियों के हस्तक्षेप से मामला किसी तरह शांत हुआ, अन्यथा स्थिति और बिगड़ सकती थी।ऐसे विवादों का मुख्य कारण निजी बस ऑपरेटरों द्वारा कारगिल ढाबा के सामने बनाया गया अघोषित बस स्टैंड है। आईएसबीटी से निकलने के बाद निजी बसें यहां 10-15 मिनट तक खड़ी रहती हैं और आईएसबीटी जाने वाले यात्रियों को रोककर अपनी बसों में बैठा लेती हैं। इसी प्रतिस्पर्धा और खींचतान के चलते आए दिन कर्मचारियों और यात्रियों के बीच झड़प की नौबत आ रही है।
यह घटना सूत्र सेवा बसों और निजी बस ऑपरेटरों के बीच चल रही तनातनी को उजागर करती है, जिससे आम यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय प्रशासन से इस अघोषित स्टैंड पर सख्त कार्रवाई और बस संचालन की व्यवस्था सुधारने की मांग तेज हो गई है।

