सतना में नाबालिग लड़की ने गढ़ी गैंगरेप की झूठी कहानी, प्रेग्नेंसी छिपाने के लिए टीचर पर लगाया आरोप!

Minor girl fabricated false story of gangrape in Satna

Minor girl fabricated false story of gangrape in Satna: सतना जिले के रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आय है, जहां एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़की पांच माह की गर्भवती पाई गई। शुरू में उसने स्कूल में गैंगरेप का आरोप लगाकर टीचर सहित तीन लोगों को फंसाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस जांच में पूरा मामला झूठा निकला। असल में लड़की का अपने गांव के नाबालिग लड़के से अफेयर चल रहा था और प्रेग्नेंसी छिपाने के लिए यह कहानी गढ़ी गई।

अस्पताल में खुलासा
मंगलवार शाम एक बुजुर्ग महिला अपनी 16 वर्षीय पोती को लेकर सतना जिला अस्पताल पहुंची। लड़की की तबीयत खराब होने पर डॉक्टरों ने गायनिक जांच की, जिसमें पता चला कि नाबालिग करीब पांच माह की गर्भवती है। इस खुलासे के बाद अस्पताल प्रबंधन ने तुरंत रामपुर बघेलान थाना पुलिस को सूचना दी।

पहले बयान में गैंगरेप का आरोप
पुलिस को दिए शुरुआती बयान में नाबालिग ने दावा किया कि पिछले साल दीपावली के आसपास स्कूल के एक कमरे में एक पुरुष शिक्षक ने उसे बहला-फुसलाकर ले जाकर बेहोश कर दिया। वहां पहले से दो नकाबपोश व्यक्ति मौजूद थे। उसने आरोप लगाया कि तीनों ने मिलकर उसके साथ गैंगरेप किया। होश आने पर एक महिला शिक्षक ने उसे बाहर निकाला। डर के मारे उसने किसी को नहीं बताया और स्कूल जाना भी बंद कर दिया।

पुलिस जांच में उल्टी कहानी
पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। गांव वालों से पूछताछ और नाबालिग से अलग से शांत व मनोवैज्ञानिक तरीके से बातचीत करने पर लड़की ने अपना बयान बदल दिया। उसने स्वीकार किया कि उसने पूरे परिवार और पुलिस को गुमराह करने के लिए गैंगरेप की झूठी कहानी गढ़ी थी।

असल सच सामने आया
नाबालिग ने बताया कि उसके गांव के ही एक नाबालिग लड़के से उसका अफेयर चल रहा था। प्रेमी के कहने पर ही उसने यह झूठी कहानी बनाई ताकि प्रेग्नेंसी का मामला किसी और दिशा में चला जाए और असली सच्चाई छिपी रहे। प्रेमी लड़के ने ही उसे टीचर पर आरोप लगाने के लिए उकसाया था।

पुलिस की कार्रवाई
रामपुर बघेलान थाना प्रभारी संदीप चतुर्वेदी के निर्देश पर महिला सब इंस्पेक्टर प्रीति कुशवाहा ने मामले की जांच की। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में जुटी हुई है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए उचित कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *