टीकमगढ़। आमतौर पर मंत्रियों के आगे-पीछे सुरक्षाकर्मियों और अफसरों की फौज दौड़ती है, लेकिन मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ में इससे उलट ही नजरा देखा गया, जंहा खुद मंत्री जी को दौड़ते देख वहां मौजूद लोग भी हैरान रह गए। मंत्री जी का हेलीकाप्टर की ओर दौड़ते हुए किसी ने वीडियो बना लिया, जो अब इंटरनेट पर जमकर सुर्खियां बटोर रहा है। गनीमत रही कि मंत्री जी समय रहते हेलीकॉप्टर तक पहुंच गए और सुरक्षित सवार होकर मुख्यमंत्री के साथ रवाना हो गए।
टीकमगढ़ के दौरे पर थें सीएम
जानकारी के तहत मुख्यमंत्री मोहन यादव टीकमगढ़ के दौरे पर थें और कार्यक्रम खत्म होने के बाद मुख्यमंत्री को हेलीकॉप्टर से खजुराहो के लिए रवाना होना था। मुख्यमंत्री अपने लाव-लश्कर के साथ हेलीपैड पहुंचे और हेलीकॉप्टर में सवार हो गए। रवानगी का समय होने के कारण हेलीकॉप्टर भी उड़ान भरने की तैयारी में था। इसी बीच मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के हेलीकॉप्टर में बैठने के लिए राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार को दौड़ लगानी पड़ी।
काफिले में पीछे छूट गए थे मंत्री
जानकारी के तहत राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार वीआईपी काफिले में थोड़े पीछे रह गए थे। जब उन्हें लगा कि मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर उड़ान भरने ही वाला है और वह पीछे छूट रहे हैं, तो उन्होंने आव देखा न ताव और हेलीपैड की तरफ दौड़ लगा दी। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार कुर्ता-पायजामा पहने पूरी ताकत से हेलीकॉप्टर की तरफ भाग रहे हैं।

