Meerut 4 Month Dead Body News: उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया। सदर बाजार इलाके में एक बंद मकान से 34 साल की युवती का सड़ा-गला शव बरामद हुआ, जो करीब 4 महीने पुराना बताया जा रहा है।
यह मामला मेरठ के सदर बाजार थाना क्षेत्र के तेली मोहल्ला का है, जहां एक मकान कई महीनों से बंद था। रिश्तेदारों को तब शक हुआ जब कई महीनों से न तो युवती और न ही उसके पिता से कोई संपर्क हो पा रहा था। फोन कॉल्स का जवाब नहीं मिला, पड़ोसियों को भी कुछ पता नहीं था। जांच में सामने आया कि युवती के पिता उदय भान बिस्वास, जो शिक्षा विभाग से रिटायर हैं, बेटी की मौत के बाद कुछ दिन तक शव के साथ घर में रहे और फिर मकान में ताला लगाकर हरिद्वार चले गए।
4 महीने से घर पर पड़ा रहा शव
पिता का नाम उदय भान बिस्वास है, जो मूल रूप से पश्चिम बंगाल का रहने वाले हैं. वे शिक्षा विभाग से रिटायर हैं और अपनी बेटी प्रियंका बिस्वास के साथ मेरठ में सदर बाजार के तेली मोहल्ला में रहते थे. प्रियंका पढ़ी-लिखी थीं और प्राइवेट ट्यूशन पढ़ाती थीं. उनकी मां की करीब 10-12 साल पहले मौत हो चुकी थी.
शुक्रवार को अचानक उदय भान बेगम बाग कॉलोनी में एक चाय की दुकान पर बैठे मिले. वहां उनके भतीजे विश्वजीत ने उन्हें पहचान लिया और अन्य रिश्तेदारों को बुलाया. जब बेटी के बारे में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि वो देहरादून के अस्पताल में भर्ती है. इस जवाब से रिश्तेदारों को शक हुआ. सख्ती से पूछताछ करने पर पिता ने बताया कि बेटी की मौत दिसंबर 2025 में हो चुकी है और शव घर में ही पड़ा है. यह सुनकर सभी लोग हैरान रह गए.
बताया गया है कि उदय भान की बेटी को पीलिया हो गया था और इसी कारण उसकी मौत हो गई थीं. उदय भान उनका इलाज कराने के साथ-साथ झाड़-फूंक भी करा रहे थे. उन्होंने बताया कि बेटी की मौत के बाद वह घबरा गए और दुखी होकर घर में ताला लगाकर हरिद्वार चले गए. पुलिस के मुताबिक, युवती का शव काफी हद तक कंकाल में बदल चुका था. शुरुआती जांच में हत्या का मामला स्पष्ट नहीं लग रहा, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मामला साफ होगा. पुलिस अब हर पहलू से जांच कर रही है और पिता से लगातार पूछताछ जारी है.

