Site iconSite icon SHABD SANCHI

आप जो चाहें, बना लें! FT. जयराम शुक्ल

corruptioncorruption

corruption

Author: जयराम शुक्ल | शरद जोशी ने कोई चालीस वर्ष पहले “हम भ्रष्टन के भ्रष्ट हमारे” व्यंग्य निबंध रचा था। तब यह व्यंग्य था, लोगों को गुदगुदाने वाला। भ्रष्टाचारियों के सीने में नश्तर की तरह चुभने वाला।

अब यह व्यंग्य, व्यंग्य नहीं रहा, यथार्थ के दस्तावेज में बदल चुका है। भ्रष्टाचार की प्राण-प्रतिष्ठा के साथ ही व्यंग्य की मौत हो गई।

समाज की विद्रूपताओं की चीर-फाड़ करने के लिए व्यंग्य का जन्म हुआ था। परसाईजी ने व्यंग्य को शूद्रों की जाति में रखते हुए लिखा था व्यंग्य चरित्र से स्वीपर है। वह समाज में फैली सड़ांध में फिनाइल डालकर उसके कीटाणुओं को नाश करने का काम करता है। ये स्वीपर अब साहित्य की जाति-बिरादरी से बाहर है। इस कुजात के लिए भला अब किससे आरक्षण मांगें।

जोशी-परसाई युग में सदाचार, लोकलाज व सामाजिक मर्यादा के मुकाबले विषमताओं, विद्रूपताओं और भ्रष्टाचार का आकार बेहद छोटा था। व्यंग्य उन पर प्रहार करता था। लोग सोचने- विचारने के लिए विवश होते थे।

भ्रष्टाचार का स्वरूप इतना व्यापक नहीं था। व्यंग्य कब विद्रूपता के मुंह में समा गया पता ही नहीं चला।
भ्रष्टाचार की व्यापकता पर जोशी जी लिखते हैं ‘सारे समंदर की मसि (स्याही) करें और सारी जमीन का कागज, फिर भी भ्रष्टाचार का भारतीय महाकाव्य अलिखिति ही रहेगा।

यह भी पढ़ें: PM Modi ने Rajasthan को दी कई Railway परियोजनाओं की सौगात!

वेद पुराणों में भगवान का यह कहते हुए उल्लेख है कि ‘हम भक्तन के भक्त हमारे’। जोशी जी ने भ्रष्टाचार के लिए यही भाव लिया था- हम भ्रष्टन के भ्रष्ट हमारे।

आज के दौर के बारे में सोचते हुए लगता है कि हमारे अग्रज साहित्यकार कितने बड़े भविष्यवक्ता थे। भ्रष्टाचार, सचमुच भगवान की तरह सर्वव्यापी है, कण-कण में, क्षण-क्षण में।

कभी एक व्यंगकार ने लिखा था कि भगवान की परिभाषा और उनकी महिमा जो कि वेद-पुराणों में वर्णित है सब हूबहू भ्रष्टाचार के साथ भी लागू होती है।… बिन पग चलै,सुनै बिन काना कर बिनु कर्म करै विधि नाना। बिन वाणी वक्ता बड़ जोगी़.. आदि-आदि।

मंदिर में, धर्माचार्यों के बीच भगवान की पूजा हो न हो, भ्रष्टाचार्य जी पूरे विधि-विधान से पूजे जाते हैं। आसाराम, नित्यानंद, राम-रहीम, रामपाल, निर्मलबाबा से लेकर नगद लेकर महामंडलेश्वर की पल्लवी बांटने वाले धर्माचार्यों की लंबी कतार है जिन्होंने मंत्रोच्चार और पूरे कर्मकांड के साथ भ्रष्टाचार की प्राण-प्रतिष्ठा की है और हम वहां शीश नवाने पहुंचते हैं। भगवान को माता लक्ष्मी प्रिय है तो भ्रष्टाचार्य जी को भी लक्ष्मीमैया अतिप्रिय।

रूप बदलने, नए-नए नवाचार और अवतार में भी भ्रष्टाचार का कोई सानी नहीं। आज के दौर में परसाई जी-शरद जोशी जी होते तो भ्रष्टाचार को लेकर और क्या नया लिखते! उनके जमाने में एक-दो भोलाराम यदाकदा मिलते जिनके जीव पेंशन की फाइलों में फड़फड़ाते। आज हर रिटायर्ड आदमी भोलाराम है, फर्क इतना कि वह परिस्थितियों से समझौता करते हुए परसेंट देने पर राजी है।

परसेंट की यह कड़ी नीचे से ऊपर तक उसी तरह जाती है जैसे राजीव गांधी का सौ रुपया नीचे तक दस पैसा बनकर पहुंचता है।

पिछले कुछ दिनों से भ्रष्टाचार पर भारी बहस चल रही है। भ्रष्टाचारी भी भ्रष्टाचार पर गंभीर बहस छेड़े हुए हैं। चैनलों ने इसे प्रहसन का विषय बना दिया। टीवी चैनलों में कभी-कभी बहस इतनी तल्ख हो जाती है कि मोहल्लों में औरतों के बीच होने वाले झगड़ों का दृश्य उपस्थित हो जाता है।

एक कहती है..तू रांड तो दूसरी जवाब देती है तू रंडी़.. एक ने कहा तुम्हारी पार्टी भ्रष्ट तो दूसरा तड़ से जवाब देता है, तुम्हारी तो महाभ्रष्ट है।

टीवी शोे में एक पार्टी के प्रतिभागी ने कहा, फलां जी से बस इतनी गलती हो गई कि उन्होंने आपकी वाली पार्टी में जाकर प्रशिक्षण नहीं लिया था। वे लाखों करोडों गटक लेते हैं और पता भी नहीं चलता।

भ्रष्टाचार अब बुद्घिविलास का विषय बन चुका है। चमड़ी इतनी मोटी हो गई कि व्यंग्य की कौन कहे गालियां तक जज्ब हो जाती हैं।

एक नया फार्मूला है खुद को ईमानदार दिखाना है तो दूसरों को जोर-जोर से बेईमान कहिए। भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई भी कर्मकांडी हो गई है।

यह भी पढ़ें: 3 राज्यों से गुजरेगी यह नई Train आज उद्घाटन! जानें शेड्यूल

बाबा रामदेव और अन्ना हजारे ईमानदारी की अलख जगाने वाले नए पंडों के रूप में अवतरित हुए थे। बाबा जी बनिया बनकर डांडी मारने लगे, धनिया में लीद मिलाकर बेचने लगे। उनके कपालभाति में गोलमाल और बेईमानियों की लंबी फेहरिस्त चिपक गई। अब कोर्ट के चक्कर लगा रहे, माफी मांग रहे, जुर्माना भर रहे। अन्ना के चेले केजरीवाल और भी बड़े खिलाड़ी निकले। कभी इंडिया गेट पर तिरंगा फहराते हुए भ्रष्टाचार के खिलाफ हल्ला बोलने वाले केजरी का हाल वैसे ही है जैसे महुए को शराब में बदलने वाले फर्मेंटेशन के कीड़े का। उनके डग-डग और पग-पग पैग से भींगे हैं। निर्भया के लिए न्याय की गुहार लगाने वाला यह बहुरुपिया अपने ही घर में एक अबला को पिटवाता है।

भ्रष्टाचार एक प्रेत है पल भर में शिष्टाचार्य जी की लूं उतारकर उन्हीं में समा जाता है। यह कुछ ऐसे ही है जैसे फिल्मों में देखते हैं कि किसी रूपसी की आत्मा में चुड़ैल घुसकर अपने धतकरम शुरू कर देती है।

संसद पर हमले के गुनहगार अफजल गुरू की मुक्ति के लिए अभियान चलाने वाले और उद्योगपतियों के खिलाफ याचिका में फोकट का इन्टरविनर बनने वाले प्रशान्त भूषण जैसे वकीलों की टोली नैतिकता की आचार संहिता तय करती है।

मंचीय कवियों का गिरोह चलाने वाले मसखरे कविकुलश्रेष्ठ इमानदारी की रुबाइयाँ लिखते हैं। समाज के रंगमंच पर यही सब नाटक चल रहा है।

सड़े से मुद्दों पर कैण्डल मार्च निकालने वाले भ्रष्टाचार से लड़ने चंदे के पैसे से दिल्ली तो कूंच कर सकते हैं पर अपने गांव के उस सरपंच के खिलाफ बोलने से मुंह फेर लेते हैं जो गरीबों का राशन और मनरेगा की मजदूरी में हेरफेर कर दो साल के भीतर ही बुलेरो और पजेरो जैसी गाड़ियों की सवारी करने लगता है।

इसके खिलाफ हम इसलिए कुछ नहीं बोल पाते क्योंकि यह हमारा अपना बेटा, भाई, भतीजा और नात-रिश्तेदार हो सकता है। जब शहर के भ्रष्टाचार की बात करनी होती है तो ये दिल्ली के भ्रष्टाचार पर बहस करते हैं, अपने गांव व शहर की बात करने से लजाते हैं, भ्रष्टाचारी कौन है?

यह चिमनी लेकर खोजने का विषय नहीं है। समाज में भ्रष्टाचार की प्राण-प्रतिष्ठा करने वाले लोग कौन हैं? यह अलग से बताने की बात नहीं है, हम सबने मिलकर भ्रष्टाचार को अपने आचरण में जगह दी है।

यह भी पढ़ें: Jyoti Malhotra Confession : ‘लवजिहाद’ से शुरू हुई थी YouTuber ज्योति की पाकिस्तानी जासूस बनने की कहानी

जिस दिन कोई पिता अपने बेटे को इसलिए तिरष्कृत कर देगा कि उसके भ्रष्टाचार की कमाई से बनी रोटी का एक टुकड़ा भी स्वीकार नहीं करेगा, कोई बेटा बाप की काली कमाई के साथ बाप को भी त्यागने का साहस दिखाएगा, परिवार और समाज में भ्रष्टाचार करने वालों का सार्वजनिक बहिष्कार होने लगेगा, उस दिन से ही भ्रष्टाचार की उल्टी गिनती शुरू हो जाएगी।

क्योंकि भ्रष्टाचार कानून से ज्यादा आचरण का विषय है। कत्ल करने वाले को फांसी दिए जाने का प्रावधान है लेकिन कत्ल का सिलसिला नहीं रुका है। कत्ल भी हो रहे हैं और फांसी भी।

भ्रष्टाचारियों को कानून की सजा देने मात्र से भ्रष्टाचार रुकने वाला नहीं। क्या कोई अपने घर से भ्रष्टाचार के खिलाफ जंग लड़नें की शुरुआत करने को तैयार हैं?

Exit mobile version