सतना शहर में स्थित यूनिवर्सल केबल्स लिमिटेड (UCL) फैक्ट्री में गुरुवार को ड्यूटी के दौरान एक कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद माहौल बेहद गरमा गया। फैक्ट्री में लैब टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत सत्य प्रकाश तिवारी को चिकित्सकों ने प्रारंभिक तौर पर हार्ट अटैक आने की बात कही है, लेकिन परिजनों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर इलाज में घोर लापरवाही बरतने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। घटना से आक्रोशित परिजन और उनके समर्थक दोपहर करीब 3 बजे मृतक का शव एंबुलेंस में लेकर सीधे फैक्ट्री के मुख्य गेट पर पहुंच गए और वहां शव रखकर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि सत्य प्रकाश तिवारी को सुबह लगभग 8 बजे ड्यूटी के दौरान सीने में तेज दर्द और हार्ट अटैक के लक्षण महसूस हुए थे, लेकिन प्रबंधन ने उन्हें तुरंत अस्पताल भेजने के बजाय दो घंटे तक फैक्ट्री परिसर में ही रोके रखा और गैस की दवा व नींबू पानी देता रहा। सुबह 10 बजे जब उन्हें अस्पताल ले जाया गया, तब तक काफी देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों का कहना है कि अगर समय रहते इलाज मिल जाता तो जान बचाई जा सकती थी। पीड़ित परिवार ने प्रबंधन से 10 लाख रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को अनुकंपा नौकरी देने की मांग रखी है।
फैक्ट्री गेट पर बढ़ते तनाव और हंगामे की स्थिति को देखते हुए मौके पर सीएसपी देवेंद्र प्रताप सिंह और कोलगवां थाना प्रभारी सुदीप सोनी भारी पुलिस बल के साथ तैनात हैं। पुलिस अधिकारी प्रदर्शनकारी परिजनों और फैक्ट्री प्रबंधन के बीच मध्यस्थता कर बातचीत के जरिए मामला शांत कराने के प्रयास में जुटे हैं। पुलिस प्रशासन का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जिसकी रिपोर्ट आने और निष्पक्ष जांच के बाद ही मौत के असली कारणों और लापरवाही के आरोपों की वास्तविक स्थिति साफ हो पाएगी।

