Major fire breaks out in Maihar bypass dumping yard in Satna: सतना शहर के मैहर बाईपास स्थित नगर निगम के कचरा डंपिंग यार्ड में बीती रात भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सूखे कचरे के ढेर में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे आसमान में धुएं का काला गुबार और ऊंची लपटें दिखाई देने लगीं। इस घटना से आसपास के रिहायशी इलाकों में दहशत का माहौल बन गया।
देर रात भड़कीं लपटें
घटना गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे की है। डंपिंग यार्ड से आग की लपटें उठती देख स्थानीय लोगों ने तुरंत नगर निगम और फायर ब्रिगेड को सूचित किया। गनीमत रही कि घटना के समय हवा की गति कम थी, अन्यथा आग और भी भयानक रूप ले सकती थी।
फायर ब्रिगेड की घंटों चली मशक्कत
सूचना मिलते ही दमकल के दो वाहन तत्काल मौके पर पहुँचे। कचरे के ढेर में प्लास्टिक और सूखा कचरा अधिक होने के कारण आग बार-बार भड़क रही थी। फायर कर्मियों के अनुसार, आग कचरे के ढेर के भीतर तक पहुँच गई थी, जिसे बुझाने में काफी परेशानी हुई। घंटों की कड़ी मशक्कत और कई फेरे पानी डालने के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया जा सका।समय रहते कार्रवाई होने से आग को आसपास के क्षेत्रों में फैलने से रोक लिया गया।
बड़ा हादसा टला
डंपिंग यार्ड के पास आबादी क्षेत्र होने के कारण खतरा काफी बढ़ गया था। हालांकि, समय पर मिली सूचना और दमकल विभाग की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि गर्मी और सूखे कचरे में घर्षण या किसी चिंगारी की वजह से यह हादसा हुआ होगा।

