Site iconSite icon SHABD SANCHI

रीवा और मऊगंज में नशीले पदार्थों पर बड़ी कार्रवाई: साढ़े 3 लाख से अधिक की कफ सिरप व नशीली टैबलेट जब्त

Major crackdown on narcotics in Rewa and MauganjMajor crackdown on narcotics in Rewa and Mauganj

Major crackdown on narcotics in Rewa and Mauganj

रीवा/मऊगंज। पुलिस प्रशासन द्वारा नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रीवा और मऊगंज जिलों में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दोनों थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कुल 3 लाख 50 हजार रुपये से अधिक मूल्य की अवैध नशीली कफ सिरप और प्रतिबंधित टैबलेट्स बरामद की हैं। जहाँ एक तरफ रीवा के सेमरिया में घूम-घूम कर नशीली दवाइयाँ बेचने वाला शातिर आरोपी दबोचा गया, वहीं दूसरी ओर मऊगंज में पुलिस को देखकर स्कॉर्पियो छोड़कर भागे अंतरराज्यीय तस्करों की नशीली खेप जब्त की गई है।

सेमरिया में 545 नशीली टैबलेट के साथ शातिर आरोपी गिरफ्तार
रीवा जिले के सेमरिया थाना अंतर्गत पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर अटरिया मोड़ के पास घेराबंदी कर एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी गौरव सिंह उर्फ मोनू (निवासी ग्राम खारा) अटरिया मोड़ के पास भारी मात्रा में नशीली सामग्री लेकर ग्राहकों का इंतजार कर रहा था। तलाशी लेने पर पुलिस ने उसके कब्जे से 545 नग प्रतिबंधित नशीली टैबलेट और 11 शीशी कफ सिरप बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 7,900 रुपये है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व से भी 3 आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश कर दिया गया है।

मऊगंज में साढ़े 3 लाख की कफ सिरप जब्त, स्कॉर्पियो छोड़कर भागे तस्कर
उधर, रीवा जोन पुलिस के ‘ऑपरेशन प्रहार 2.0’ के तहत मऊगंज थाना पुलिस ने गुरुवार को एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने वाराणसी से मऊगंज के रास्ते सीधी ले जाई जा रही अवैध नशीली कफ सिरप की एक बड़ी खेप पकड़ी है। मुखबिर की सूचना पर गाड़ा ओवरब्रिज के पास जब पुलिस ने घेराबंदी की, तो तस्करों ने भागने के चक्कर में अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी डिवाइडर से टकरा दी। इसके बाद आरोपी वाहन को बरांव मोड़ के पास सर्विस लेन में लावारिस छोड़कर मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने लावारिस वाहन की तलाशी ली तो उसमें 7 बोरियों में रखी 1,645 शीशी अवैध नशीली कफ सिरप बरामद हुई, जिसकी बाजार मूल्य करीब 3 लाख 45 हजार रुपये है। पुलिस ने स्कॉर्पियो और कफ सिरप को जब्त कर अज्ञात तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है तथा फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

Exit mobile version