Site icon SHABD SANCHI

बैढ़न पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 52 क्विंटल अवैध कबाड़ और पिकअप जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार

Major action by Baidhan police

Major action by Baidhan police

सिंगरौली: बैढ़न थाना पुलिस ने अवैध लोहे के कबाड़ के परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 52.90 क्विंटल स्क्रैप और एक पिकअप वाहन जब्त किया है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि वाहन चालक फरार हो गया जिसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पुलिस लाइन के आगे पचौर में सड़क किनारे स्थित एक मकान से पिकअप वाहन में लोहे का कबाड़ लोड किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देख पिकअप चालक अजीत साहू मौके से फरार हो गया, जबकि उसके पास बैठे अर्जुन मिश्रा (24 वर्ष) निवासी गनियारी को पुलिस ने दबोच लिया।

रेलवे पटरी और सिलेंडर हुए बरामद
पुलिस ने पिकअप (क्रमांक MP66 ZC 9165) की तलाशी ली तो उसमें लोहे के एंगल, रेलवे पटरी के टुकड़े, दो बड़े ऑक्सीजन सिलेंडर, एक छोटा सिलेंडर, नोजल और पाइप समेत भारी मात्रा में कबाड़ मिला। इसके बाद पुलिस ने संबंधित मकान की तलाशी ली, जहां भी बड़ी मात्रा में लोहे का स्क्रैप रखा हुआ मिला। पूछताछ के दौरान आरोपी कबाड़ से जुड़ा कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका।

लाखों रुपए का माल जब्त, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
जब्त किए गए कबाड़ का नेशनल धर्मकांटा पर वजन कराया गया, जो 52.90 क्विंटल निकला। जब्त कबाड़ की कीमत करीब 2 लाख रुपए और पिकअप वाहन की कीमत लगभग 2.50 लाख रुपए आंकी गई है। इस प्रकार पुलिस ने कुल 4.50 लाख रुपए का माल जब्त किया है।

पूछताछ में पकड़े गए आरोपी ने बताया कि यह कबाड़ बलयरी निवासी करीमुल्ला का है। पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 1295/2026 के तहत धारा 317(5) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल, फरार चालक अजीत साहू और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।

Exit mobile version