Rajya Sabha Elections: मध्य प्रदेश की राज्यसभा की तीनों सीटें भाजपा ने जीत ली हैं। रिटर्निंग ऑफिसर ने रजनीश अग्रवाल, तरुण चुग और महेश केवट को निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंप दिए। कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन के नामांकन रद्द किए जाने के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिका पर सुनवाई शुक्रवार तक टाल दी गई, जिसके बाद भाजपा की जीत तय हो गई। कांग्रेस ने रिटर्निंग ऑफिसर पर पक्षपात का आरोप लगाया है।
Rajya Sabha Elections: राज्यसभा चुनाव में मध्य प्रदेश की तीनों सीटें भाजपा ने अपने नाम कर ली हैं। विधानसभा में रिटर्निंग ऑफिसर अरविंद शर्मा ने गुरुवार दोपहर साढ़े तीन बजे रजनीश अग्रवाल, तरुण चुग और महेश केवट को निर्वाचन प्रमाण-पत्र सौंप दिए।
सुप्रीम कोर्ट में मामला टला
इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन के नामांकन रद्द किए जाने के खिलाफ दायर याचिका पर सुनवाई शुक्रवार तक के लिए स्थगित कर दी। चुनाव आयोग की ओर से भी अभी कोई अंतिम फैसला नहीं आने के कारण भाजपा की तीनों उम्मीदवारों की जीत औपचारिक रूप से तय हो गई।
कांग्रेस का पक्षपात का आरोप
सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने तत्काल सुनवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि नामांकन वापसी की अंतिम तिथि दोपहर 3 बजे तक ही है। हालांकि, चुनाव आयोग की ओर से कहा गया कि याचिका की कॉपी उन्हें नहीं मिली है। अदालत ने मामले को शुक्रवार के लिए सूचीबद्ध कर दिया।
कांग्रेस ने लगाया पक्षपातपूर्ण फैसले का आरोप
कांग्रेस ने अपनी याचिका में आरोप लगाया कि रिटर्निंग ऑफिसर ने गैर-कानूनी, मनमाना और पक्षपातपूर्ण तरीके से फैसला लिया। याचिका बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात 1:48 बजे डिजिटल माध्यम से दायर की गई थी।
उमंग सिंघार का तीखा हमला
सुनवाई टाल दिए जाने के बाद मध्य प्रदेश कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने चुनाव आयोग पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग हरियाणा और गुजरात में हस्तक्षेप कर चुका है, लेकिन मध्य प्रदेश में क्यों नहीं किया? सिंघार ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग भाजपा का रबर स्टैंप की तरह काम कर रहा है। उन्होंने आगे कहा, “झारखंड में भाजपा उम्मीदवार को वैध ठहराया जा सकता है तो मीनाक्षी नटराजन के मामले में फैसला क्यों नहीं लिया गया? सुप्रीम कोर्ट आज फैसला कर देता तो बेहतर होता क्योंकि आज नामांकन वापसी की अंतिम तिथि थी।”चुनाव आयोग और रिटर्निंग ऑफिसर के फैसले पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस ने न्याय में हो रही देरी पर भी निराशा जताई है।

