Site iconSite icon SHABD SANCHI

कृष्णमय हुआ मध्यप्रदेश, 55 जिलों के 111 स्थानों पर हो रहे श्रीकृष्ण पर्व, सीएम हाउस में 101 बच्चे बने राधा-कृष्ण

भोपाल। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर मध्यप्रदेश में शुक्रवार को बड़े स्तर पर ‘श्रीकृष्ण पर्व’ मनाया जा रहा है। ‘घर-घर गोकुल, घर-घर गोपाल’ की थीम पर प्रदेश के सभी 55 जिलों में 111 स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हो रहा है। वहीं 7500 से अधिक श्रीकृष्ण मंदिरों में विशेष सजावट की गई है। इन आयोजनों में 1500 से अधिक स्थानीय कलाकार भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और लीलाओं पर आधारित प्रस्तुतियां दे रहें है।

सीएम हाउस में राधा-कृष्ण की वेशभूषा में 101 बच्चे

मुख्यमंत्री मोहन यादव के भोपाल निवास में भी जन्माष्टमी का विशेष आयोजन हो रहा है। यहां 101 से अधिक बच्चे राधा-कृष्ण की वेशभूषा में शामिल है। कार्यक्रम में मटकी फोड़ के साथ भगवान कृष्ण की बाल लीलाओं और ब्रज की उत्सव परंपरा की झलक दिखाई जा रही है।उमुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बच्चों को माखन-मिश्री, लड्डू गोपाल की प्रतिमा और श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं पर आधारित पुस्तक भेंट कर रहे है।

111 स्थानों पर अलग-अलग प्रस्तुतियां

श्रीकृष्ण पर्व के तहत रासलीला, भजन, लोकगायन, नृत्य-नाटिका और शास्त्रीय नृत्य के जरिए कृष्ण के जीवन के अलग-अलग प्रसंग प्रस्तुत किए जा रहे है। इनमें जन्म और बाल लीला, गुरु-शिष्य परंपरा, कृष्ण-सुदामा मित्रता, रुक्मिणी विवाह, कालिया मर्दन और गीता उपदेश जैसे प्रसंग शामिल हैं।

उज्जैन के सांदीपनि आश्रम, नारायणा धाम, धार के अमझेरा, महू के जानापाव सहित कई ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों पर विशेष आयोजन हो रहे हैं। रीवा के कृष्णा राजकपूर ऑडिटोरियम में शाम 7 बजे बघेली लोकगायन, कृष्ण केंद्रित नृत्य-नाटिका और भजन की प्रस्तुति होगी।

जानापाव में सीएम करेंगे परशुराम-श्रीकृष्ण लोक का भूमिपूजन

श्रीकृष्ण पर्व का एक प्रमुख कार्यक्रम जानापाव में होगा। यहां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रस्तावित परशुराम-श्रीकृष्ण लोक का भूमिपूजन करेंगे। कार्यक्रम में भगवान परशुराम द्वारा श्रीकृष्ण को सुदर्शन चक्र दिए जाने के प्रसंग पर आधारित नृत्य-नाटिका और विशेष प्रदर्शनी भी होगी।

Exit mobile version