‘Lutteri Dulhan’ gang busted in Panna: पन्ना जिले की पुलिस ने एक खतरनाक अंतरराज्यीय ‘लुटेरी दुल्हन’ गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो कुंवारे युवकों को शादी का झांसा देकर अपहरण कर लूटपाट करता था। बृजपुर थाना पुलिस के अनुसार, गिरोह ने 43 वर्षीय बसंत लाल त्रिपाठी निवासी नयागांव धरमपुर को अपना शिकार बनाया। 23 फरवरी को त्रिपाठी पहाड़ीखेड़ा में लड़की देखने पहुंचे, जहां उन्हें दो लड़कियों और एक महिला से मिलवाया गया। शादी के नाम पर पैसों की मांग पर विवाद हुआ तो गिरोह ने उनके साथियों को डराकर भगा दिया और सफेद स्कॉर्पियो में अगवा कर सुनसान जगह ले जाकर जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने त्रिपाठी से 1 लाख रुपये जिसमे 20 हजार नकद और 80 हजार ऑनलाइन शामिल हैं इसके अलावा एक लेनोवो टैबलेट लूट लिया।
पन्ना एसपी के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने मुखबिर की सूचना पर पहाड़ीखेड़ा बस स्टैंड पर घेराबंदी कर गिरोह के 9 सदस्यों को दबोच लिया, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपी रीवा, सतना और छतरपुर जिलों के निवासी हैं—नीरज पटेल, प्रद्युम्न साकेत, अंकित साहू, सूरज प्रजापति, सोनू अग्निहोत्री, सोनू खैरवार, ओमप्रकाश सिंह, विमला और आरती साकेत। पूछताछ में आरोपियों ने कई अन्य ठगी के मामलों की बात कबूल की है।
पुलिस ने अपराध में इस्तेमाल सामग्री जब्त की है, जिसमें सफेद स्कॉर्पियो (MP 17 CB 1759), अपाचे बाइक, 10 मोबाइल फोन, फरियादी का टैबलेट और शादी के नाटक में इस्तेमाल होने वाली साड़ी, चूड़ी, मेकअप किट आदि शामिल हैं। गिरोह के तीन मुख्य सदस्य—दिव्या उर्फ नैना, अन्नू और लल्लू चौधरी—अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में छापेमारी कर रही है और अन्य संभावित शिकारों की जानकारी जुटा रही है। यह गिरोह लंबे समय से मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों में सक्रिय था और अब जांच के दायरे में और मामले सामने आ सकते हैं।

