Ketan Murder Case : महाराष्ट्र के पुणे के चर्चित कारोबारी और रियल एस्टेट व्यवसायी विशाल अग्रवाल के बेटे केतन अग्रवाल की मौत का मामला अब एक बड़े अपराध का मामला बन गया है। शुरुआत में इसे हादसा माना जा रहा था, लेकिन अब पुलिस ने दावा किया है कि यह हत्या का प्रयास था। इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि पुलिस ने केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके एक पुरुष मित्र को गिरफ्तार कर लिया है। इस खुलासे के बाद परिवार, रिश्तेदार और परिचित हैरान रह गए हैं।
इसी साल सिया और केतन की शादी होनी थी
केतन अग्रवाल अपने परिवार के रियल एस्टेट कारोबार में काम कर रहे थे और कंपनी में निदेशक की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनकी शादी इस साल के आखिर में होनी थी। परिवार में शादी की तैयारियां जोरों पर थीं। बताया जाता है कि जयपुर में एक भव्य महल बुक किया गया था और मेहमानों के लिए खास ट्रांसपोर्ट की व्यवस्था भी की जा रही थी। दोनों ही परिवार शादी को लेकर बहुत उत्साहित थे और तैयारियां तेजी से चल रही थीं।
सिया के जन्मदिन पर महाबलेश्वर गए थे
जून महीने में हुई एक यात्रा ने पूरी स्थिति बदल दी। जानकारी के अनुसार, 19 जून को सिया गोयल का जन्मदिन था। इस खास मौके पर परिवार और दोस्तों ने तीन दिन का कार्यक्रम बनाया था। केतन ने भी सिया का जन्मदिन खास बनाने के लिए कई योजनाएं बनाई थीं। केतन ने महाबलेश्वर में सिया के जन्मदिन का जश्न मनाने का कार्यक्रम था।
फोटो खिंचवाते समय सिया ने केतन को धक्का दिया
जन्मदिन से एक दिन पहले, 18 जून की सुबह, केतन अपनी मंगेतर, कुछ दोस्तों और जानकारों के साथ पुणे के मावल तालुका में स्थित ऐतिहासिक लोहागढ़ किले पर घूमने गए थे। यह किला ट्रैकिंग और पर्यटन के लिए प्रसिद्ध है। कहा जाता है कि सुबह करीब 10:30 बजे केतन फोटो खिंचवा रहे थे, तभी केतन को सिया ने धक्का मारा और वह लगभग 350 फीट गहरी खाई में गिर गया।
सूचना मिलते ही पुणे की पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और रेस्क्यू टीम की मदद से उनके रेस्क्यू का प्रयास किया गया। वन्यजीव रक्षक और ट्रैकिंग टीम भी मौके पर आई। कठिन पहाड़ी इलाके में लंबा रेस्क्यू ऑपरेशन चला। अंत में केतन को खाई से बाहर निकाला गया और अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
सिया ने केतन की हत्या को हादसे का रूप दिया
पहले तो यह हादसा सामान्य दुर्घटना माना गया। लोनावला पुलिस स्टेशन में इसे आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया। लेकिन जांच के दौरान पुलिस को कुछ ऐसे संकेत मिले कि यह हादसा सामान्य नहीं है। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन, घटनास्थल की परिस्थितियों और आसपास लगे CCTV फुटेज का विश्लेषण किया। जांच में पता चला कि केतन किस तरह खाई में गिरे और उस समय उनके साथ कौन-कौन थे। तभी पुलिस को शक हुआ कि यह घटना हत्या की कोशिश हो सकती है।
सीसीटीवी फुटेज में एक युवक की गतिविधियों पर शक हुआ। वह बड़ा हुडी पहने हुए था और उसका व्यवहार सामान्य नहीं लग रहा था। पुलिस ने उस दिशा में जांच तेज कर दी।
सिया और उसका दोस्त चेतन हिरासत में हैं
पुलिस को जांच में मिले सबूतों और संकेतों के आधार पर पुलिस ने इसे हत्या का मामला माना। फिर, पुलिस ने केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके एक पुरुष मित्र को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है और कई पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। मामले की पूरी जानकारी और आगे की कार्रवाई के बारे में बाद में बताया जाएगा।

