उज्जैन। महाकाल मंदिर में बुधवार को उस समय हंगामा हो गया, जब ओंकारेश्वर से आए कांवड़ियों ने नंदी हॉल में प्रवेश की अनुमति नहीं मिलने के बाद बैरिकेडिंग फांदकर अंदर जाने की कोशिश की। इस दौरान कांवड़ियों को रोकने के प्रयास में 4 सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। इनमें 2 सुरक्षाकर्मियों को सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं।
ओंकारेश्वर से पहुचे थें कवाड़िया
बताया जा रहा है कि ओंकारेश्वर से करीब 100 कांवड़िए उज्जैन पहुंचे थे। कांवड़ियों ने मंदिर की तय व्यवस्था का पालन नहीं किया और नंदी हॉल में प्रवेश करने की कोशिश की। सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन वे बैरिकेडिंग पार कर आगे बढ़ गए। जब कांवड़िए गर्भगृह की ओर जाने लगे तो सुरक्षाकर्मियों और उनके बीच विवाद बढ़ गया। पुलिस ने मामले में 30 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। उपद्रव करने के आरोप में कुछ लोगों को गिरफ्तार कर महाकाल थाने ले जाया गया है।
बैरिकेडिंग फांदकर नंदी हॉल की ओर बढ़े कांवड़िए
दर्शन के लिए आए कांवड़िए बैरिकेडिंग फांदकर नंदी हॉल की ओर जाने लगे। मंदिर में तैनात गार्ड और सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन वे आगे बढ़ते रहे। उन्हें रोकने के दौरान बैरिकेड्स गिर गए, जिससे कुछ सुरक्षाकर्मी घायल हो गए।
मंदिर समिति बोली- व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश
मंदिर समिति के मुताबिक, कुछ कांवड़ियों ने सुरक्षाकर्मियों के साथ अभद्रता और मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान मंदिर में रखी दान पेटियों को भी इधर-उधर फेंका गया। इसके बाद कांवड़ियों ने गर्भगृह में प्रवेश करने की कोशिश की।
महाकाल मंदिर समिति के अनुसार, कुछ उपद्रवी और असामाजिक तत्वों ने मंदिर की सुरक्षा और व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। समिति ने कहा कि घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

