बीजेपी सांसद और बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत ने एक बार फिर दिग्गज अभिनेता नसीरुद्दीन शाह पर निशाना साधा है। कंगना ने अपने पहले दिए गए “लोमड़ी” वाले बयान का बचाव करते हुए कहा कि उन्होंने यह टिप्पणी एक खास वजह से की थी। साथ ही उन्होंने नसीरुद्दीन शाह पर “पाकिस्तान प्रेम” का आरोप भी लगाया।
पाकिस्तान के प्यार में मरे रहते हैं: कंगना
न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत के दौरान कंगना ने कहा, “ये पाकिस्तान की प्रेम कथा कब खत्म होगी? जब देखो, ये पाकिस्तान के प्यार में मरे रहते हैं.” उन्होंने कहा कि नसीरुद्दीन शाह के कई बयान और इंटरव्यू पाकिस्तान से जुड़े मुद्दों पर केंद्रित रहते हैं, जिस पर उन्हें आपत्ति है।
अपने “लोमड़ी” वाले बयान पर सफाई देते हुए कंगना ने कहा, “मैंने नसीरुद्दीन शाह के बारे में ऐसा इसलिए कहा क्योंकि उन्होंने एक ऐसा आपत्तिजनक वीडियो बनाया था जिसमें वे इस तरह की धमकियां दे रहे थे.” कंगना का कहना है कि इसी वजह से उन्होंने उनके लिए इस शब्द का इस्तेमाल किया था।
इंडस्ट्री का पाखंड नहीं चलेगा
इस दौरान कंगना ने फिल्म इंडस्ट्री के रवैये की भी आलोचना की। उन्होंने जंतर-मंतर पर हुए विरोध प्रदर्शनों का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय कई लोग खुलकर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे थे, लेकिन झारखंड के बच्चों से जुड़े मुद्दों पर वही लोग चुप दिखाई दे रहे हैं। कंगना ने कहा, “फिल्म इंडस्ट्री का यह पाखंड नहीं चलेगा. फिल्म इंडस्ट्री के लोग जंतर-मंतर के लिए जो मगरमच्छ के आंसू बहा रहे थे, उन्हें झारखंड के बच्चों के लिए भी वैसे ही आंसू बहाने चाहिए.”
बता दें कि पिछले सप्ताह कंगना रनौत ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर अभिनेता पीयूष मिश्रा की एक पोस्ट शेयर की थी, जिसमें झारखंड में छात्र विरोध प्रदर्शनों को लेकर नसीरुद्दीन शाह की चुप्पी पर सवाल उठाए गए थे। इसी पोस्ट को साझा करते हुए कंगना ने लिखा था कि “नसीर साहब खाते तो इस देश के हैं लेकिन लड़ते पड़ोसी देश के लिए हैं.”
इसके बाद उन्होंने एक और टिप्पणी में कहा था, “PS: आज के टाइम में कुत्ता कहलाना एक तारीफ है क्योंकि वफादारी और क्यूटनेस बहुत कम देखने को मिलती है. मैं नसीरुद्दीन की तरह लोमड़ी बनने के बजाय कुत्ता बनना ज़्यादा पसंद करूंगी.”
कंगना के इन बयानों के बाद एक बार फिर सोशल मीडिया और फिल्म जगत में बहस छिड़ गई है। हालांकि नसीरुद्दीन शाह की ओर से फिलहाल इस पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

