Site icon SHABD SANCHI

अफ़ग़ानिस्तान में 400 लोगों की मौत! पाकिस्तान से बदला लेगा?

अफगानिस्तान (Afghanistan) की राजधानी काबुल (Kabul Airstrike) में सोमवार रात बड़े पैमाने पर हवाई हमले हुए, जिसके बाद क्षेत्र में हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इन हमलों में करीब 400 लोगों की मौत हुई है, जबकि 250 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं।

रिपोर्ट्स के अनुसार पाकिस्तान (Pakistan Airstrike) की वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने शहर के कई इलाकों को निशाना बनाया, जिनमें रिहायशी क्षेत्र और महत्वपूर्ण संस्थान शामिल हैं।

कई इलाकों में धमाके, एयरपोर्ट के आसपास भी हमला

हमलों के दौरान दारुलअमान, अरजान कीमत, खैरखाना और काबुल इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Kabul International Airport) के आसपास जोरदार धमाकों और गोलीबारी की आवाजें सुनी गईं। स्थानीय लोगों के मुताबिक हमले इतने तेज थे कि कई इलाकों में अफरा-तफरी मच गई और लोग घर छोड़कर भागने लगे।

हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके को घेर लिया और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

अस्पताल पर हमले का आरोप, पाकिस्तान ने किया खारिज

तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद (Zabihullah Mujahid) ने आरोप लगाया कि पाकिस्तानी सेना ने काबुल के एक नशा मुक्ति अस्पताल को निशाना बनाया है। उन्होंने इसे मानवता के खिलाफ अपराध बताते हुए अंतरराष्ट्रीय समुदाय से हस्तक्षेप की मांग की।

वहीं पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ (Shehbaz Sharif) के प्रवक्ता मोशर्रफ जैदी (Mosharraf Zaidi) ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि किसी अस्पताल को निशाना नहीं बनाया गया है और ये दावे बेबुनियाद हैं।

2000 बेड वाले अस्पताल को भारी नुकसान

अफगान प्रशासन के मुताबिक हमले में एक बड़े अस्पताल को भारी नुकसान पहुंचा है। डिप्टी प्रवक्ता हमदुल्लाह फितरत (Hamdullah Fitrat) ने बताया कि यह हमला रात करीब 9 बजे हुआ। रिपोर्ट्स के अनुसार यह अस्पताल करीब 2000 बेड का था और इसमें बड़ी संख्या में मरीज भर्ती थे।

हमले के बाद अस्पताल के कई हिस्सों में आग लग गई और राहत टीमों को शवों को बाहर निकालने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। शुरुआती जानकारी के अनुसार मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है।

राशिद खान ने UN से जांच की मांग की

अफगानिस्तान के स्टार क्रिकेटर राशिद खान (Rashid Khan) ने इस हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों के इलाकों, स्कूलों और अस्पतालों को निशाना बनाना अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत गंभीर अपराध है।

उन्होंने संयुक्त राष्ट्र (United Nations Investigation) और मानवाधिकार संगठनों से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

एक दिन पहले भी हुआ था हमला

इससे पहले रविवार रात भी पाकिस्तान ने कंधार (Kandahar Airstrike) प्रांत में एयर स्ट्राइक कर आतंकी ठिकानों को निशाना बनाने का दावा किया था। यह कार्रवाई ऑपरेशन गजब-लिल-हक (Operation Ghazab-ul-Haq) के तहत की गई थी।

पाकिस्तान के मुताबिक इन ठिकानों का इस्तेमाल तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (Tehreek-e-Taliban Pakistan) द्वारा सीमा पार हमलों की तैयारी के लिए किया जा रहा था। वहीं अफगानिस्तान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने का दावा किया है।

दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए क्षेत्र में हालात और बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है।

Exit mobile version