मऊगंज: मध्यप्रदेश के मऊगंज जिले से सरकारी योजना के नाम पर ठगी और चोरी की एक बेहद संवेदनशील और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। नईगढ़ी थाना क्षेत्र के बधवा भाईवाट गांव में एक शातिर ठग ने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना का झांसा देकर एक गरीब परिवार की खुशियां लूट लीं। बदमाश ने योजना के तहत सहायता दिलाने के बहाने 20 वर्षीय युवती को घर से दूर भेज दिया और शादी के लिए वर्षों से जोड़कर रखे गए करीब ₹5 लाख से अधिक मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण व नकदी लेकर चंपत हो गया। पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सरकारी सहायता और मोबाइल का दिया लालच
जानकारी के अनुसार, गांव के रहने वाले शंकर प्रसाद साकेत राजमिस्त्री का काम करते हैं। बुधवार दोपहर करीब 2 बजे वे हमेशा की तरह अपने काम पर गए हुए थे, और घर पर उनकी 20 साल की बेटी पूनम साकेत अकेली थी। इसी दौरान हेलमेट पहने एक अज्ञात युवक बुलेट मोटरसाइकिल से उनके घर पहुंचा। आरोपी ने युवती को अपने जाल में फंसाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत शादी के लिए ₹60 हजार की सरकारी सहायता दी जा रही है। उसने रसीद शुल्क के नाम पर युवती से ₹100 मांगे और झांसा दिया कि कुछ दूरी पर बैठी एक “मैडम” से मिलने पर उसे ₹5 हजार नकद और एक टचस्क्रीन मोबाइल तुरंत मिल जाएगा। सरकारी लाभ मिलने की उम्मीद में मासूम युवती आरोपी के बताए पते की ओर रवाना हो गई।
पाई-पाई जोड़कर जुटाए थे गहने, मोबाइल में कैद हुई आरोपी की तस्वीर
युवती के घर से निकलते ही शातिर चोर ने सूने घर का फायदा उठाया और अंदर रखी पेटी से शादी के लिए वर्षों से जुटाए गए जेवर पार कर दिए। चोरी गए सामान में करीब आधा-आधा किलो वजन की दो चांदी की करधनी, चांदी की चूड़ियां, पायल, सोने के आभूषण और हाथ-पैर की मुंदरियां शामिल हैं। पीड़ित परिवार ने रोते हुए बताया कि पूनम की मां का पहले ही निधन हो चुका है। पिता ने मजदूरी कर पाई-पाई जोड़कर बेटी के हाथ पीले करने के लिए ये गहने इकट्ठे किए थे।
इस पूरी घटना में एक राहत की बात यह रही कि जब आरोपी चोरी का सामान समेटकर घर से निकल रहा था, तब युवती के चाचा ने संदिग्ध लगने पर अपने मोबाइल फोन में उसकी तस्वीर कैद कर ली थी। परिजनों ने गुरुवार को नईगढ़ी थाने में आरोपी की फोटो के साथ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने फोटो के आधार पर हुलये की शिनाख्त शुरू कर दी है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए घेराबंदी तेज कर दी है।




