Jabalpur Crime News: जबलपुर के ग्वारीघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत सुख सागर वैली में एक ट्रांसपोर्टर के खाली पड़े मकान में चोरों ने सेंध लगाई। ट्रांसपोर्टर सागर वर्मा के अनुसार, चोरों ने घर से 70 तोला सोने के आभूषण, 1 किलोग्राम चांदी के आभूषण और नकद 6 लाख रुपये की संपत्ति लेकर फरार हो गए।
Jabalpur Crime News: शहर में चोरी की वारदातें लगातार बढ़ रही हैं। अब सुरक्षित मानी जाने वाली कॉलोनियां भी चोरों के निशाने पर आ गई हैं। ग्वारीघाट थाना क्षेत्र के पोलीपाथर स्थित सुख सागर वैली में एक ट्रांसपोर्टर के सूने घर में चोरों ने सेंध लगाकर भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लूट ली। पुलिस ने घटना की एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिवार अस्पताल में था, घर खाली मिला
सुख सागर वैली निवासी सागर वर्मा (38 वर्ष) ट्रांसपोर्ट का व्यवसाय करते हैं। उनकी मां की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें 22 जनवरी की शाम से एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मां की देखभाल के लिए सागर वर्मा और उनकी पत्नी लगातार अस्पताल में डटे रहे। घर पूरी तरह खाली था, इसलिए मुख्य दरवाजे पर ताला लगा दिया गया था।
शुक्रवार दोपहर करीब 2:30 बजे पड़ोसी अरुण जायसवाल ने फोन कर सूचना दी कि घर का दरवाजा खुला पड़ा है। सूचना मिलते ही दंपती तुरंत घर पहुंचे। वहां पहुंचकर देखा तो मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा हुआ था। घर के कमरों में सामान बिखरा पड़ा था। आलमारी और लॉकर के ताले भी तोड़े गए थे।
लूटे गए सामान की लिस्ट
चोरों ने ट्रांसपोर्टर सागर वर्मा के घर से भारी मात्रा में कीमती सामान लूट लिया। इसमें लगभग 70 तोला वजन का सोना शामिल था, जिसमें नौ सेट (प्रत्येक सेट में एक हार और दो कान के जेवर), एक अलग हार, दो ब्रेसलेट, पांच चेन, आठ कंगन, आठ अंगूठी, दो बेंदी, 14 नग कान के जेवर, एक नथ और अन्य सोने के आभूषण थे। इसके अलावा एक किलोग्राम वजन की चांदी भी चुराई गई, जिसमें चार कंगन, 12 जोड़ी बिछिया, पांच जोड़ी पायल, एक हाथ का मंगलसूत्र, एक सिंदूरदानी, 12-12 सिक्के, एक चांदी का लोटा, तीन चेन, दो जोड़ी कड़े तथा अन्य चांदी के जेवर शामिल थे। साथ ही घर से नकद 6 लाख रुपये भी गायब हो गए। कुल मिलाकर लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरों की झोली में चली गई।
सीसीटीवी में कैद हुए चार नकाबपोश
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में चार नकाबपोश युवक घर के आसपास मंडराते दिखे। जांच में पता चला कि आरोपी सुबह करीब 3:45 बजे घर में घुसे और मात्र 28 मिनट बाद यानी सुबह 4:13 बजे बाहर निकल गए। पुलिस ने फुटेज के आधार पर आरोपियों के हुलिए का स्केच तैयार किया है और संदिग्धों से पूछताछ शुरू कर दी है। गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

