Site iconSite icon SHABD SANCHI

MP: सोनम की शादी की जिद ने ली राजा रघुवंशी की जान, मेघालय पुलिस ने खोले राज

raja raghuvanshi murder caseraja raghuvanshi murder case

raja raghuvanshi murder case

Raja Raghuvanshi Murder Case: मेघालय पुलिस ने पड़ोसियों से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि शादी से पहले सोनम के घर से लड़ने-झगड़ने की आवाजें आती थीं। सूत्रों के अनुसार, जब सोनम ने व्यापार में हाथ बंटाने की बात कही, तो पिता देवी सिंह संतुष्ट नहीं हुए। उन्हें सोनम को लेकर शंका थी। इसलिए वे जिद पर अड़ गए कि शादी उनकी मर्जी से होगी। सोनम ने मां से कहा कि वह इस रिश्ते को ऐसे खत्म करेगी कि सारी दुनिया देखेगी।

Raja Raghuvanshi Murder Case: इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या नहीं होती यदि सोनम के पिता देवी सिंह शादी की जिद पर अड़े नहीं होते। मेघालय पुलिस की जांच में पता चला कि जब सोनम का राजा से रिश्ता तय हुआ, तो उसने शादी से साफ इनकार कर दिया था। उसने अपनी मां से इस बारे में बात की थी, लेकिन पिता ने कहा कि शादी होगी तो उनकी मर्जी से होगी।

मेघालय पुलिस ने पड़ोसियों से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि शादी से पहले सोनम के घर से लड़ने-झगड़ने की आवाजें आती थीं। मीडिया ने इस नए खुलासे को लेकर सोनम के भाई गोविंद और पिता देवी सिंह से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। मेघालय पुलिस की एक टीम इस समय इंदौर में है। टीम ने दस से ज्यादा लोगों से सोनम के बारे में पूछताछ की। पहले दो दिन टीम अलग-अलग स्थानों पर गई, जबकि तीसरे दिन क्राइम ब्रांच थाने में बैठकर जानकारी जुटाई। पुलिस को पता चला कि सोनम ने राजा से शादी से इनकार किया था, लेकिन उसने राज कुशवाह के बारे में परिवार को कुछ नहीं बताया था।

पिता देवी सिंह राजा-सोनम की शादी के लिए अड़े थे: सूत्र

मेघालय पुलिस की टीम 17 जून से इंदौर में है। पहले दिन टीम सोनम के घर पहुंची और भाई व मां से पूछताछ की। सूत्रों के अनुसार, सोनम के भाई गोविंद ने राजा को पसंद किया था और पिता देवी सिंह को बताया था कि लड़का और परिवार अच्छे हैं। इसके बाद देवी सिंह ने सोनम-राजा की कुंडलियां मिलाईं।

कुंडली मिलान के बाद परिवार ने तय कर लिया कि सोनम की शादी राजा से होगी। इसके बाद सोनम ने घर में झगड़ा शुरू कर दिया। उसने माता-पिता से कहा कि उसे राजा से शादी नहीं करनी। जब परिवार ने वजह पूछी, तो उसने बताया कि वह भाई गोविंद के साथ व्यापार में हाथ बंटाना चाहती है।

पड़ोसियों को सुनाई देती थीं झगड़ने की आवाजें

सूत्रों के अनुसार, जब सोनम ने व्यापार में हाथ बंटाने की बात कही, तो पिता देवी सिंह संतुष्ट नहीं हुए। उन्हें सोनम को लेकर शंका थी। इसलिए वे जिद पर अड़ गए कि शादी उनकी मर्जी से होगी। पड़ोसियों ने पूछताछ में बताया कि शादी से पहले सोनम के झगड़ने की आवाजें बाहर तक आती थीं। सोनम के घर के पास रहने वाले एक पड़ोसी ने कहा, “शादी तय होने के बाद से परिवार में विवाद बढ़ गया था। बाहर तक आवाजें आती थीं, लेकिन कोई कुछ कहता नहीं था, क्योंकि यह परिवार का आपसी मामला था। हमें लगा कि समय के साथ सब ठीक हो जाएगा।”

सोनम की मां बोलीं- पिता जिद्दी हैं, नहीं मानेंगे

मेघालय पुलिस ने जब सोनम से राजा की हत्या को लेकर सवाल किए, तो उसने कहा कि उसके माता-पिता को सब पता है कि उसने ऐसा क्यों किया। सूत्रों के अनुसार, मां ने माना कि सोनम ने इस बारे में बात की थी। मां ने सोनम से कहा था, “तुम्हारे पिता जिद्दी हैं। जब वह किसी बात पर अड़ जाते हैं, तो मानते नहीं।” पिता की जिद को देखते हुए सोनम ने मां से कहा कि वह राजा से शादी करेगी, लेकिन उसके साथ खुश नहीं रहेगी।

सोनम बोली थी- रिश्ते का अंजाम दुनिया देखेगी

सूत्रों के अनुसार, जब सोनम लगातार शादी से इनकार करती रही, तो पिता देवी सिंह ने सुसाइड की धमकी तक दे दी। इसके बाद सोनम ने मां से कहा कि वह इस रिश्ते को ऐसे खत्म करेगी कि सारी दुनिया देखेगी। माता-पिता को लग रहा था कि शादी के बाद सोनम का व्यवहार बदल जाएगा। पिता देवी सिंह ने शादी की तारीख निकाली और 11 मई को दोनों की शादी तय कर दी। शादी के बाद सोनम राजा के परिवार से ज्यादा घुल-मिल नहीं सकी। पूछताछ में उसने बताया कि शादी के 11 दिन पहले राज के साथ मिलकर उसने राजा की हत्या की प्लानिंग कर ली थी।

सोनम ने परिवार को राज के बारे में नहीं बताया था

सोनम ने राजा से शादी से इनकार किया, लेकिन राज कुशवाह और उसके संबंधों के बारे में परिवार को कुछ नहीं बताया। सूत्रों के अनुसार, सोनम की मां को भी इस रिश्ते की जानकारी नहीं थी। 8 जून को जब मेघालय पुलिस ने राज और उसके साथियों को इंदौर से गिरफ्तार किया, तब सोनम के भाई गोविंद ने कहा कि राज उनके यहां काम करने वाला मुलाजिम था। सोनम के साथ उसके रिलेशन के बारे में परिवार को कोई जानकारी नहीं थी।

Exit mobile version