Site iconSite icon SHABD SANCHI

रीवा के बंदियों ने सुरताल पर किया योग, स्पोर्ट्स काम्पलेक्स में जिला स्तरीय योगा 21 जून को

रीवा। अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस से पूर्व केन्द्रीय जेल रीवा में बंदियों द्वारा योगाभ्यास किया जा रहा है। बंदियों द्वारा मधुर संगीत की धुन में सूर्य नमस्कार, अनुलोम विलोम, कपालभाति, प्राणायाम सहित अन्य योग क्रियाएं की गई हैं। जेल अधीक्षक सतीश कुमार उपाध्याय ने बताया कि सेंट्रल जेल में 15 जून से लगातार बंदियों को सामूहिक योगाभ्यास कराया जा रहा है। सेंट्रल जेल में योग दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश विवेक रूसिया ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग माध्यम से किया। सेंट्रल जेल में 21 जून विश्व योग दिवस तक सामूहिक योग के योगाभ्यास के कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। इसकी मानीटरिंग वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा प्रतिदिन की जा रही है। महिला बंदियों को योग साधिका सुश्री राधे चौरसिया एवं रचना चौरसिया द्वारा नियमित योगाभ्यास कराया जा रहा है। सामूहिक योगाभ्यास के बाद भजन एवं गीत-संगीत का भी आयोजन किया जा रहा है।

स्पोर्ट्स काम्पलेक्स में जिला स्तरीय योगा

जिले भर में 21 जून को विश्व योग दिवस मनाया जाएगा। रीवा में जिला स्तरीय कार्यक्रम स्पोर्ट्स काम्पलेक्स में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल होंगे। कार्यक्रम सुबह 6 बजे आरंभ होगा। विश्व योग दिवस कार्यक्रम से हर व्यक्ति को जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस क्रम में जिला आयुष अधिकारी डॉ. शारदा मिश्रा ने जिले की सभी सामाजिक संस्थाओं, स्वयंसेवी संस्थाओं, शिक्षण संस्थानों तथा औद्योगिक संस्थानों से विश्व योग दिवस में सहभागिता की अपील की है। आयुष अधिकारी ने कहा है कि सभी संगठन और संस्थाएं योगा डॉट आयुष डॉट जीओभी डॉट इन,योगा संगम वेबसाइट पर जाकर अपना पंजीयन करा लें। इस पर दी गई गूगल शीट में अपनी संस्था की ओर से सामूहिक योगाभ्यास में 21 जून को शामिल होने वाले प्रतिभागियों की जानकारी दर्ज कराएं।

ऐसा होगा आयोजन

जिला आयुष अधिकारी ने बताया कि विश्व योग दिवस कार्यक्रम में सुबह 6 बजे तक सभी भाग लेने वाले व्यक्ति एकत्रित होंगे। सुबह 6 बजे से 6.30 बजे तक कार्यक्रम अतिथिगणों का उद्बोधन होगा। कार्यक्रम स्थल में सुबह 6.30 बजे से 7 बजे तक कोलकाता में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा। इसमें सुबह 6.45 बजे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उद्बोधन का सीधा प्रसारण शामिल रहेगा। कार्यक्रम में सभी प्रतिभागी सुबह 7 बजे से 7.45 बजे तक निर्धारित सामान्य योग प्रोटोकाल के अनुसार सामूहिक योगाभ्यास करेंगे। जिला के साथ-साथ विकासखण्ड और ग्राम पंचायत स्तर पर भी सामूहिक योगाभ्यास के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जिले के सभी हाई स्कूल, हायर सेकण्डरी स्कूल, महाविद्यालय, इंजीनियरिंग कालेज, पॉलिटेक्निक कालेज, आयुर्वेद कालेज, संस्कृत कालेज, कन्या महाविद्यालय तथा अन्य सभी शिक्षण संस्थानों में 21 जून को सामूहिक योगाभ्यास किया जाएगा। जिले के सभी निजी स्कूलों और कालेजों में भी विश्व योग दिवस पर सामूहिक योगाभ्यास के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

Exit mobile version