Indore Constable Harassment Case: इंदौर में एक महिला कॉन्स्टेबल की शिकायत पर देवास पुलिस लाइन में पदस्थ हेड कॉन्स्टेबल के खिलाफ छेड़छाड़, पीछा करने, धमकी देने, मारपीट और कार में बंधक बनाकर शादी का दबाव बनाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी लंबे समय से उसे परेशान कर रहा था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Indore Constable Harassment Case: इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र में एक महिला कॉन्स्टेबल की शिकायत पर देवास पुलिस लाइन में पदस्थ हेड कॉन्स्टेबल राहुल शर्मा के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। महिला ने आरोपी पर छेड़छाड़, धमकी, पीछा करने, मारपीट और कार में बंधक बनाकर शादी का दबाव बनाने जैसे आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
देवास में हुई थी दोनों की पहचान
पुलिस के अनुसार, महिला कॉन्स्टेबल ने अपनी शिकायत में बताया कि करीब एक वर्ष पहले देवास में पदस्थापना के दौरान उसकी राहुल शर्मा से पहचान हुई थी। शुरुआती दिनों में दोनों के बीच सामान्य बातचीत होती थी, लेकिन कुछ समय बाद आरोपी लगातार फोन और संदेश भेजकर संपर्क बनाए रखने का दबाव बनाने लगा। मना करने के बावजूद उसकी हरकतें नहीं रुकीं।
तबादले के बाद भी करता रहा पीछा
पीड़िता का आरोप है कि लगातार हो रही परेशानी से तंग आकर उसने अपना तबादला देवास से इंदौर करा लिया। इसके बावजूद आरोपी ने उसका पीछा करना नहीं छोड़ा। महिला का कहना है कि उसने राहुल का नंबर ब्लॉक कर दिया था, लेकिन वह अलग-अलग नंबरों से फोन करता रहा और लगातार धमकियां देता रहा।
आत्महत्या की धमकी देकर बनाया दबाव
शिकायत के मुताबिक, आरोपी कई बार महिला पर बात करने का दबाव बनाता था और मना करने पर आत्महत्या करने की धमकी देता था। एक बार वह महिला का पीछा करते हुए सरकारी अस्पताल तक पहुंच गया, जहां वह एक मामले में पीड़ित का मेडिकल कराने गई थी। वहां भी उसने बातचीत करने की कोशिश की, जिससे विवाद की स्थिति बन गई।
कार में बंधक बनाकर शादी का दबाव बनाने का आरोप
महिला कॉन्स्टेबल ने आरोप लगाया कि एक दिन राहुल शर्मा ने जबरन उसे अपनी कार में बैठा लिया। बाणगंगा क्षेत्र में उसने कार के दरवाजे लॉक कर दिए, मोबाइल छीन लिया और शादी के लिए दबाव बनाने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने कथित तौर पर मारपीट भी की और बाहर निकलने नहीं दिया। इसी दौरान महिला की मां का फोन आया। महिला ने किसी तरह उन्हें अपनी स्थिति की जानकारी दी। सूचना मिलते ही उसके पिता और भाई मौके पर पहुंचे। उन्हें आता देख आरोपी कार लेकर वहां से फरार हो गया।
शिकायत के बाद पुलिस ने दर्ज किया केस
घटना के बाद महिला कॉन्स्टेबल ने थाना प्रभारी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को पूरे मामले की जानकारी दी। शिकायत के आधार पर बाणगंगा थाना पुलिस ने आरोपी हेड कॉन्स्टेबल राहुल शर्मा के खिलाफ छेड़छाड़, धमकी, मारपीट और अन्य संबंधित धाराओं में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है।

