Site icon SHABD SANCHI

MP: इंदौर में आस्ट्रेलिया की दो महिला क्रिकेटरों से छेड़छाड़, बाइक सवार आरोपी अकील गिरफ्तार

mp indore news

mp indore news

Indore Australian Women Cricket Team Harassment: एक युवक ने जब महिला खिलाड़ियों के साथ छेड़छाड़ की, तो एक राहगीर ने बाइक सवार का नंबर नोट कर लिया। एक अन्य कार सवार ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। इसके बाद पुलिस अधिकारी सक्रिय हुए। इस मामले में खुफिया तंत्र की चूक उजागर हुई है।

Indore Australian Women Cricket Team Harassment: इंदौर के होलकर स्टेडियम में चल रहे महिला विश्व कप क्रिकेटरों के दौरान एक शर्मनाक घटना सामने आई है। ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका की महिला क्रिकेट टीमें रेडिसन होटल में ठहरी हुई हैं। होटल से आधा किलोमीटर दूर एक कैफे की ओर पैदल जा रही ऑस्ट्रेलिया की दो महिला खिलाड़ियों के साथ छेड़छाड़ और गलत तरीके से छूने का मामला सामने आया है।

घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आजाद नगर निवासी आरोपी अकील को गिरफ्तार कर लिया। वह बाइक पर सवार था और उसने दोनों खिलाड़ियों के साथ छेड़छाड़ की। सहमी हुई खिलाड़ियों ने तुरंत अपने सुरक्षा अधिकारी को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को अलर्ट किया गया। छह थानों की पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।

बाइक का नंबर बना सबूत

जब आरोपी ने छेड़छाड़ की, तब एक राहगीर ने उसकी बाइक का नंबर नोट कर लिया। एक कार सवार ने भी पुलिस कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दी। पुलिस ने मार्ग पर लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसके आधार पर दोनों महिला खिलाड़ियों ने आरोपी की पहचान की। बाइक नंबर के जरिए पुलिस ने आरोपी अकील को चिन्हित कर शाम तक उसे गिरफ्तार कर लिया। जांच में पता चला कि अकील के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।

इंटेलिजेंस चूक हुई उजागर

इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था में खामी को उजागर किया है। होटल और आसपास के क्षेत्र में पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए क्रिकेट बोर्ड और जिला प्रशासन को सूचित किया गया। इसके बाद होटल और होलकर स्टेडियम के आसपास अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। पुलिस ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

Exit mobile version