नईदिल्ली। विश्व जूनियर स्क्वैश चौंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत की स्क्वाश खिलाड़ी अनाहत सिंह ने मिस्र की रुकैया सलेम को हराकर विश्व स्तरीय चौंपियनशिप का खिताब न सिर्फ उन्होने जीत लिया बल्कि इतिहास रच दिया है। अनाहत ने महिला फाइनल में रुकैया को सीधे गेमों में 11-3, 11-7, 11-9 से हराकर शानदार जीत दर्ज की।
विश्व रिकार्ड बनाने वाली भारत की पहली खिलाड़ी
अनाहत सिंह यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी हो गईं। उन्होने यह विजय हासिल करके टूर्नामेंट में वर्षो से काबिज मिस्र के दबदबे को भी खत्म किया और 16 साल बाद कोई खिलाड़ी विजेता बनी है, जो मिस्त्र की नहीं हैं। इससे पहले 2010 में अमेरिका की अमांडा शोबी ने खिताब जीता था।
गत वर्ष कांस्य पदक से करना पड़ा था संतोष
अनाहत सिंह इस उपलब्धि को पाने के लिए लगातार मेहनत कर रही थी। इसके पूर्व वे गत वर्ष भी इस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया था और सेमीफाइनल तक पहुंचकर कांस्य पदक जीता था। इस बार उन्होंने एक कदम आगे बढ़ते हुए विश्व जूनियर चौंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
चलता रहा कड़ा मुकाबला
दिल्ली की इस खिलाड़ी ने फाइनल में जबरदस्त शुरुआत की। पहला गेम 11-3 से जीता। दूसरे गेम में अनाहत ने 11-7 से जीत हासिल की। हालांकि, तीसरे गेम में मिस्र की खिलाड़ी रुकैया सलेम ने अच्छी वापसी। अनाहत एक समय 6-8 से पीछे थीं, लेकिन भारतीय खिलाड़ी ने दबाव को झेला और जरूरी पॉइंट लेकर गेम 11-9 से जीत लिया और पांचवीं बार में जूनियर टाइटल अपने नाम कर लिया।
एमपी सीएम ने दी बधाई
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विश्व जूनियर स्क्वैश चौंपियनशिप-2026 में गर्ल्स सिंगल्स जीतने वाली प्रतिभाशाली बेटी अनाहत सिंह को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने संदेश में कहा कि बेटी अनाहत की यह ऐतिहासिक उपलब्धि देश की बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। यह भारत की बढ़ती खेल उत्कृष्टता का सशक्त प्रमाण भी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बेटी अनाहत सिंह को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए मंगलकामनाएं दीं।

