Indian Railways: कई बार ट्रेन घंटों लेट हो जाती है और रात हो जाती है, ऐसे में अकेली सफर कर रही महिला यात्रियों के लिए स्टेशन पर इंतजार करना मुश्किल हो जाता है. भीड़ कम होने पर परेशानी और बढ़ जाती है. ऐसे में घबराने की जगह रेलवे की तरफ से दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में पता होना बहुत जरूरी है.
- सबसे पहले वेटिंग रूम का पता करें
ट्रेन देरी से है तो सीधे इंक्वायरी काउंटर पर जाकर वेटिंग हॉल के बारे में पूछें. हर स्टेशन पर व्यवस्था अलग होती है। पता कर लें कि वहां महिलाओं के लिए अलग वेटिंग रूम है या नहीं. अंधेरी और सुनसान जगह पर बैठने से बचें, हमेशा रोशनी वाली और जहां लोग आ-जा रहे हों वहीं बैठें.
- RPF से मदद मांगने में हिचकिचाएं नहीं
अगर रात के समय कोई अनजान व्यक्ति परेशान कर रहा है या आपको असुरक्षित लग रहा है, तो तुरंत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के पास जाएं. RPF स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए ही तैनात होती है. अकेले सब कुछ हैंडल करने की कोशिश करने के बजाय रेलवे स्टाफ को बताना ज्यादा समझदारी है.
- ये हेल्पलाइन नंबर हमेशा याद रखें
रेलवे की मदद के लिए 139 नंबर सबसे जरूरी है. ये नंबर 24 घंटे सुरक्षा, मेडिकल इमरजेंसी और शिकायत के लिए काम करता है. आप चाहें तो RailMadad App या वेबसाइट से भी मदद मांग सकती हैं.
- शिकायत कैसे दर्ज करें
स्टेशन पर गंदगी, सुरक्षा या किसी भी सुविधा से जुड़ी दिक्कत है तो RailMadad पर शिकायत दर्ज कर सकते हैं. इसमें आप ट्रेन और स्टेशन दोनों से जुड़ी शिकायत कर सकते हैं और साथ में फोटो या वीडियो भी अपलोड कर सकते हैं.
- अकेली हैं तो इन बातों का रखें ध्यान
- मोबाइल हमेशा चार्ज रखें और परिवार के नंबर स्पीड डायल पर रखें.
- अपना लगेज हमेशा अपने पास रखें, किसी अनजान को न दें.
- किसी अनजान के साथ स्टेशन के बाहर या सुनसान जगह पर न जाएं.
- अगर रात में कैब या ऑटो से घर जाना पड़े तो गाड़ी का नंबर और लोकेशन परिवार को शेयर कर दें.
सबसे अहम बात, ट्रेन लेट होने पर इधर-उधर भटकने के बजाय रेलवे स्टाफ से सही जानकारी लें और थोड़ी भी असहजता लगे तो तुरंत मदद मांगें.

