Site icon SHABD SANCHI

सतना में पति-पत्नी समेत दो बच्चों ने खाने के साथ निगल लिया जहर, एक बच्चे की मौत, 3 गंभीर

सतना। जिले के रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र अंतर्गत बंधवा गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां पति-पत्नी समेत दो बच्चो ने खाने के साथ जहरीली दवा गटक लिए, जिसमें एक बच्चे की मौत हो गई। मृतक बच्चे की पहचान 5 वर्षीय आकाश शर्मा के रूप में की गई हैं जबकि जहर मिला हुआ खाना खाने से उनके पिता कुंदन शर्मा, मां ज्योति शर्मा एवं छोटा बेटा अभिषेक शर्मा की हालत खराब है और उन्हे ईलाज के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घर में मिले सल्फास और चूहा मार दवा

बताया जा रहा है कि पीड़ित परिवार के घर में सल्फास और चूहा मारने की दवा के पाउडर मिले हैं। ऐसा बताया जा रहा है कि सोमवार की शाम घर में जो खाना बनाया गया था। उसमें जहरीली दवा मिला कर महिला ने दोनों बच्चों को वही खाना खिला दिया और खुद भी उसने खा लिया। इतना ही नही महिला के पति कुंदन ने भी वही खाना खाया था। जिससे सभी की तबियत खराब हो गई।

पति-पत्नी में हुआ था विवाद

जानकारी के अनुसार गत शाम 7 बजे पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि ज्योति शर्मा ने खाने में जहरीला पदार्थ मिला दिया। उसकों खाने के बाद सभी की तबियत बिगड़ गई। जिसके बाद परिवार का 3 साल का छोटा बेटा अभिषेक शर्मा किसी तरह घर से निकलकर पड़ोसियों के पास पहुंचा और रोते हुए उसने घर में सभी के बीमार होने की बात कही। पड़ोसी तुरंत घर पहुंचे तो देखा कि कुंदन शर्मा, ज्योति शर्मा और बड़ा बेटा आकाश अचेत पड़े थे। ग्रामीणों की मदद से सभी को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। वहां इलाज के दौरान आकाश शर्मा की मौत हो गई।

पुलिस जांच से सच्चाई आएगी सामने

परिजनों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच विवाद के कारण यह कदम उठाया गया होगा। हालांकि घटना की असली वजह अभी साफ नहीं हो सकी है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

Exit mobile version